दिल्ली में छठ पूजा पर 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश, स्कूलों और हाईकोर्ट में भी रहेगी छुट्टी

HIGHLIGHTS
- दिल्ली सरकार ने 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
- इस दिन दिल्ली के स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
- दिल्ली हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में भी नियमित कामकाज नहीं होगा।
नई दिल्ली। दिवाली के बाद अब देशभर में छठ पर्व की धूम है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के पवित्र अनुष्ठान के साथ हो चुकी है। इसी बीच दिल्ली सरकार ने राजधानी में 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में भी छुट्टी रहेगी। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को इसे लेकर आधिकारिक सर्कुलर जारी किया।
छठ पूजा पर 16 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट में अवकाश
छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली हाईकोर्ट ने भी सोमवार, 16 नवंबर 2026 को छुट्टी घोषित की है। इस दौरान हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में नियमित न्यायालयीन कामकाज नहीं होगा। अदालत की ओर से बताया गया है कि 16 नवंबर को होने वाली सभी सुनवाइयां अब मंगलवार, 17 नवंबर को होंगी। इन मामलों की सुनवाई उस दिन पहले से सूचीबद्ध मामलों के साथ की जाएगी।
अवकाश के चलते कार्य दिवस के नुकसान की भरपाई के लिए दिल्ली हाईकोर्ट नवंबर के तीसरे शनिवार यानी 21 नवंबर को भी खुलेगा और कामकाज करेगा। अधीनस्थ अदालतों के लिए भी इसी तरह का समायोजन किया गया है। अदालत ने वकीलों और संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे अपनी सुनवाई की संशोधित तारीखों की जानकारी नियमित रूप से लेते रहें।
देश का सबसे लंबा 11 किलोमीटर छठ घाट दिल्लीवासियों को समर्पित
वहीं, छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल समाज को एक बड़ी सौगात दी है। उत्तरी दिल्ली में मुनक नहर के दोनों किनारों पर तैयार किए गए लगभग 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। करीब 115.29 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली में छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को पहले से अधिक व्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी।
उद्घाटन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल समाज की आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि छठ सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह शुद्धता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति आभार और सामाजिक एकता का पर्व भी है। इस घाट के निर्माण से पूर्वांचल समाज के लोग सम्मानजनक तरीके से बेहतर सुविधाओं के साथ पूजा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर का यह इलाका लंबे समय से अनदेखी का शिकार था। सरकार ने इसे प्राथमिकता देते हुए विकसित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में छठ महापर्व का आयोजन पिछले साल के मुकाबले और अधिक भव्य होगा। वह खुद भी अलग-अलग घाटों पर जाकर श्रद्धालुओं के साथ पर्व मनाएंगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने इस घाट को पूर्वांचल समाज की आस्था के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया। वहीं, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह देश में नहर के किनारे विकसित किया गया अपनी तरह का पहला घाट है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास में पूर्वांचली समाज का अहम योगदान रहा है और श्रद्धालुओं को सम्मान के साथ पूजा करने की सुविधा मिलना उनका अधिकार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.