दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा के लिए नई तकनीक, दरवाजे में सामान फंसते ही रुकेगी ट्रेन

HIGHLIGHTS
- दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा के लिए एंटी ड्रैग प्रणाली लगाई जा रही है।
- पायलट प्रोजेक्ट के तहत पांच ट्रेनों में इस तकनीक की शुरुआत की गई है।
- साड़ी का पल्लू, बैग की स्ट्रैप या बोतल की डोरी फंसने पर ट्रेन रुक जाएगी।
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो में अब साड़ी का पल्लू, बैग की पतली स्ट्रैप या पानी की बोतल की डोरी दरवाजे में फंसने पर ट्रेन आगे नहीं बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में ट्रेन अपने आप रुक जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो के दरवाजों पर एंटी ड्रैग प्रणाली लगाई जा रही है।
फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तहत पांच मेट्रो ट्रेनों में इस तकनीक को लगाया गया है। परीक्षण सफल रहने पर इसे दूसरी ट्रेनों में भी लागू किया जाएगा। इस प्रणाली के आने से पांच मिलीमीटर तक पतली वस्तु फंसने पर भी दरवाजा बंद नहीं होगा।
दरवाजे में सामान फंसते ही रुक जाएगी ट्रेन
एंटी ड्रैग प्रणाली लगाने का मुख्य उद्देश्य उन हादसों को रोकना है, जिनमें दरवाजे में फंसने के बाद यात्री प्लेटफॉर्म पर घसीटे जाते हैं। वर्तमान में मेट्रो के दरवाजों में सेंसर लगे हैं, जो किसी वस्तु के फंसने पर दरवाजे बंद होने से रोकते हैं।
हालांकि, इसके बावजूद दिसंबर 2023 में इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ था। दरवाजे में फंसने के कारण एक महिला की मौत हो गई थी। जांच में पता चला था कि पानी की बोतल में लगी नायलॉन की डोरी दरवाजे में फंस गई थी।
महिला जब ट्रेन से उतर रही थी, तभी डोरी दरवाजे में फंस गई और मेट्रो चल पड़ी। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ही एंटी ड्रैग प्रणाली लगाने का फैसला किया गया था।
7 मिलीमीटर पतली वस्तु फंसने पर भी नहीं बंद होगा दरवाजा
फिलहाल मेट्रो के दरवाजों में लगे सेंसर 15 मिलीमीटर से अधिक मोटी वस्तु फंसने पर ही दरवाजे को दोबारा खोलते हैं। ऐसे में साड़ी का पल्लू, बैग की पतली बेल्ट या डोरी जैसी कम मोटाई वाली चीजें फंसने पर भी हादसे का खतरा बना रहता है।
नई एंटी ड्रैग प्रणाली में सात मिलीमीटर तक पतली वस्तु फंसने पर भी दरवाजा बंद नहीं होगा। इससे यात्रियों की सुरक्षा को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
परीक्षण के बाद दूसरी ट्रेनों में भी होगी शुरुआत
पिछले साल जुलाई में रेड लाइन की एक ट्रेन में सबसे पहले यह प्रणाली लगाई गई थी। अब चार अन्य ट्रेनों में भी इसे स्थापित कर दिया गया है।
इस तकनीक का डेढ़ से दो साल तक परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद परीक्षण के नतीजों के आधार पर दिल्ली मेट्रो की अन्य ट्रेनों में भी एंटी ड्रैग प्रणाली लगाने का फैसला लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.