दिल्ली की हवा लगातार तीसरे दिन हुई जहरीली, AQI 373 पर पहुंचा; 16 केंद्र गंभीर श्रेणी में

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में शुक्रवार को औसत AQI 373 दर्ज किया गया, जो गुरुवार के मुकाबले 23 अंक अधिक है।
- लगातार तीसरे दिन राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा।
- 59 निगरानी केंद्रों में से 57 पर हवा बहुत खराब या गंभीर श्रेणी में रही।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार तीसरे दिन बढ़ा है। शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 373 दर्ज किया गया, जो गुरुवार के 350 के मुकाबले 23 अंक अधिक है। प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 59 निगरानी केंद्रों में से 57 पर हवा बहुत खराब या गंभीर श्रेणी में दर्ज हुई। गंभीर श्रेणी वाले केंद्रों की संख्या भी 13 से बढ़कर 16 हो गई।
वहीं, खराब और मध्यम श्रेणी में केवल एक-एक निगरानी केंद्र रहा। किसी भी केंद्र पर वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज नहीं की गई। आईआईटी दिल्ली 452 AQI के साथ राजधानी का सबसे प्रदूषित केंद्र रहा, जबकि कैंटोनमेंट में सबसे कम 151 AQI दर्ज हुआ।
चार दिनों के दौरान दिल्ली की हवा की स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। 10 नवंबर को 34 निगरानी केंद्र खराब श्रेणी में थे और गंभीर श्रेणी में एक भी केंद्र नहीं था। 11 नवंबर को गंभीर श्रेणी के केंद्रों की संख्या एक हो गई। इसके बाद 12 नवंबर को यह आंकड़ा बढ़कर 13 पहुंचा और शुक्रवार को 16 हो गया। दूसरी ओर, खराब श्रेणी के केंद्रों की संख्या 34 से घटकर सिर्फ एक रह गई। शुक्रवार को 41 केंद्रों पर हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
आईआईटी दिल्ली का AQI 452
शुक्रवार को आईआईटी दिल्ली में सबसे ज्यादा 452 AQI रिकॉर्ड किया गया। 446 AQI के साथ नॉर्थ कैंपस दूसरे स्थान पर रहा। एनआईएच नरेला और पूसा आईआईटीएम में 437-437, बुराड़ी क्रॉसिंग में 433, पंजाबी बाग में 431, कॉमनवेल्थ में 428, चांदनी चौक में 427, सीआरआरआई मथुरा रोड में 421 और आईटीओ में 419 AQI दर्ज हुआ। ये सभी निगरानी केंद्र गंभीर श्रेणी में रहे।
गंभीर श्रेणी के कुल 16 केंद्रों में से 14 पर पीएम 2.5 और दो पर पीएम 10 मुख्य प्रदूषक रहा। आईआईटी दिल्ली और एनएसआईटी द्वारका में पीएम 10 का प्रभाव ज्यादा दर्ज किया गया।
गोगा में एक दिन में 104 अंक बढ़ा AQI
एक दिन के भीतर AQI में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी गोगा निगरानी केंद्र पर दर्ज की गई। यहां सूचकांक 260 से बढ़कर 364 हो गया, यानी 104 अंकों का इजाफा हुआ। श्री अरबिंदो मार्ग में 58, सोनिया विहार में 53, एनआईएच नरेला में 51 और बवाना में 48 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।
हालांकि, कुछ इलाकों में प्रदूषण के स्तर में गिरावट भी आई। घुम्मनहेड़ा में AQI 359 से घटकर 313 पर पहुंच गया। इसके अलावा आईजीआई एयरपोर्ट में 27, नजफगढ़ में 25 और आया नगर में 18 अंकों की कमी दर्ज की गई।
51 निगरानी केंद्रों पर पीएम 2.5 मुख्य प्रदूषक
प्रदूषण के प्रमुख कणों के विश्लेषण में सामने आया कि राजधानी के 59 निगरानी केंद्रों में से 51 पर पीएम 2.5 का प्रभाव सबसे अधिक रहा, जबकि आठ केंद्रों पर पीएम 10 प्रमुख प्रदूषक था। इस तरह करीब 86 फीसदी केंद्रों पर बारीक कणों का दबदबा रहा।
पीएम 2.5 के बेहद छोटे कण सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। वहीं, पीएम 10 में धूल समेत अपेक्षाकृत बड़े आकार के कण शामिल होते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.