रायपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पति पर पत्नी और दो बच्चों की हत्या का आरोप

HIGHLIGHTS
- आरोपी बालोद का रहने वाला बताया गया है।
- परिवार किराए के मकान में रह रहा था।
- मृतकों में पत्नी और दो नाबालिग बच्चे शामिल हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित साहूपारा में ट्रिपल मर्डर का मामला सामने आया है। माना थाना क्षेत्र में एक पति पर चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। उसका उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पड़ोसियों से भी पूछताछ
पुलिस पड़ोसियों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और किन परिस्थितियों में आरोपी ने पत्नी तथा दोनों बच्चों पर हमला किया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
देर रात विवाद के बाद हमला
पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी भुनेश्वर साहू अपने परिवार के साथ साहूपारा में किराए के मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि देर रात विवाद के बाद उसने पहले अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से हमला किया।
इसके बाद उसने अपने दोनों बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर भी चाकू से हमला कर दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.