खराब मौसम के कारण रांची जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानें वाराणसी डायवर्ट, अर्जुन मुंडा भी थे सवार

HIGHLIGHTS
- विमान में 163 यात्री और सात क्रू सदस्य मौजूद थे।
- यात्रियों को लैंडिंग के बाद उनका सामान उपलब्ध कराया गया।
- एयरलाइन ने आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की।
रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को खराब मौसम के चलते पुणे और दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो की दो उड़ानों को वाराणसी एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों ने वाराणसी में सुरक्षित लैंडिंग की। इनमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा भी यात्रा कर रहे थे। मौसम ठीक होने के बाद एक विमान वाराणसी से रांची के लिए रवाना हो गया।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 6484 पुणे से रांची के लिए उड़ान पर थी। रांची में मौसम खराब होने के कारण पायलट ने वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया। अनुमति मिलने के बाद विमान को वाराणसी डायवर्ट किया गया। यह विमान सुबह करीब 9:15 बजे 163 यात्रियों और सात क्रू सदस्यों के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।
लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से उतारा गया और उनका सामान भी उपलब्ध कराया गया। एयरलाइन की ओर से यात्रियों की जरूरत के अनुसार आगे की यात्रा के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट या अन्य परिवहन की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, इंडिगो की दूसरी उड़ान संख्या 6E 6370 दिल्ली से रांची जा रही थी। रांची में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए इस विमान को भी वाराणसी डायवर्ट किया गया। विमान सुबह करीब 10:16 बजे 216 यात्रियों और छह क्रू सदस्यों के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा और इसे बे नंबर एक पर पार्क किया गया।
इस विमान में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी सवार थे। विमान में मौजूद 216 यात्रियों में से 64 यात्रियों ने वाराणसी में ही उतरने का विकल्प चुना। इसके बाद करीब 12:40 बजे विमान बाकी यात्रियों को लेकर रांची के लिए रवाना हो गया।
एयरपोर्ट पर दोनों विमानों से पहुंचे यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। एयरलाइन की ओर से यात्रियों के गंतव्य और उनकी जरूरत के मुताबिक आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। खराब मौसम के कारण दोनों उड़ानों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा, हालांकि वाराणसी में दोनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.