यूपी में शराब लेने को लेकर भिड़े हेड कांस्टेबल और PAC के दो जवान, वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- घटना सोमवार देर रात नवादा पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई।
- मारपीट के दौरान तीनों पुलिसकर्मी सड़क तक पहुंच गए।
- विवाद के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
- वायरल वीडियो में पहले बातचीत और फिर गाली-गलौज होती दिखाई दी।
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की नवादा पुलिस चौकी के अंतर्गत सोमवार देर रात बंद शराब की दुकान के बाहर शराब लेने को लेकर विवाद हो गया। पहले शराब लेने की बात पर डायल-112 में तैनात हेड कांस्टेबल और पीएसी के दो जवानों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले में एसएसपी अंकिता शर्मा ने डायल-112 में तैनात हेड कांस्टेबल धीरेंद्र को निलंबित कर दिया है। वहीं, पीएसी की नौवीं बटालियन मुरादाबाद में तैनात लवली और रमन के खिलाफ कार्रवाई के लिए पीएसी मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
हेड कांस्टेबल और पीएसी जवानों के बीच यह विवाद सोमवार रात 11 बजे के बाद हुआ। वायरल हुए पांच मिनट के दोनों वीडियो में रात 11:18 बजे से 11:23 बजे तक मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो की शुरुआत में पुलिसकर्मियों के बीच बातचीत होती नजर आती है, जिसके बाद गाली-गलौज शुरू हो जाती है। इसके बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ जाते हैं और लात-घूंसे चलने लगते हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश करते दिखाई देते हैं, लेकिन पुलिसकर्मी काफी उग्र नजर आते हैं। दोनों पक्ष आस्तीन चढ़ाकर एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
शराब लेने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की जांच में सामने आया कि सोमवार रात शराब की दुकान बंद होने के बाद हेड कांस्टेबल धीरेंद्र और पीएसी के जवान लवली व रमन वहां शराब लेने पहुंचे थे। पहले शराब लेने को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
इस दौरान पीएसी के दोनों जवान हेड कांस्टेबल पर भारी पड़ते नजर आए। उन्होंने हेड कांस्टेबल को नीचे गिराकर पीटा। मारपीट करते हुए तीनों सड़क तक पहुंच गए, जिसके कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंगलवार को दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और जांच कराई। प्रारंभिक जांच के आधार पर हेड कांस्टेबल धीरेंद्र को निलंबित कर दिया गया। वहीं, पीएसी के दोनों जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हेड कांस्टेबल धीरेंद्र को निलंबित किया गया है। पीएसी में तैनात दोनों जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.