UP: विधायक पल्लवी पटेल ने अतीक के बेटे अहजम से की मुलाकात, अबान की मौत पर जताया दुख

HIGHLIGHTS
- पल्लवी पटेल ने परिवार के अन्य सदस्यों से भी बातचीत की।
- उन्होंने मुलाकात को अपने पिता सोनेलाल पटेल और अतीक अहमद के पुराने रिश्तों से जोड़ा।
- मुलाकात की तस्वीरें पल्लवी पटेल ने सोशल मीडिया पर साझा कीं।
प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के बेटे अहजम से सिराथू की विधायक पल्लवी पटेल ने मुलाकात की। उन्होंने अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत पर दुख जताया। इस दौरान पल्लवी ने परिवार के अन्य सदस्यों से भी बातचीत की।
पल्लवी पटेल ने कहा कि अतीक अहमद ने उनके पिता डॉ. सोनेलाल पटेल का साथ दिया था। उन्होंने इस मुलाकात को अपने पिता और अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल के अतीक अहमद से पुराने रिश्तों से जोड़ा।
पल्लवी पटेल ने मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया साइट्स पर भी साझा की हैं, जिन पर काफी प्रतिक्रिया मिल रही है। लोगों ने लिखा कि पल्लवी ने बहुत ही बहादुरी और सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने अतीक अहमद और सोनेलाल पटेल के रिश्तों को निभाने का काम किया है। लोगों ने यह भी लिखा कि सभी पार्टियों में आज भी ऐसे तमाम नेता हैं, जो अतीक अहमद को अपना सब कुछ मानते थे, लेकिन समय बदलने के बाद कभी उनके परिवार का साथ नहीं दिया।
छह अगस्त को सड़क हादसे में अतीक के बेटे की मौत
माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की छह अगस्त को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। यह भीषण हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ था। अबान प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। वह दोस्तों के साथ एसयूवी कार में सवार था और झांसी-कानपुर हाईवे से गुजर रहा था।
हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अबान अहमद और उसके साथी सोनू की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया।
बाद में हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें कार के डिवाइडर से टकराने का घटनाक्रम दिखाई देता है। अबान अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था और उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई। इसी झांसी में वर्ष 2023 में अतीक के बेटे असद अहमद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.