उत्तरकाशी अग्निकांड: पवानी गांव पहुंचे CM धामी, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

HIGHLIGHTS
- उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड हुआ।
- आग में गांव के 33 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
- इन मकानों में 44 परिवार निवास कर रहे थे।
उत्तरकाशी: मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री धामी आज उत्तरकाशी पहुंचे। वह पवाणी गांव जाकर आग से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। साथ ही क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
आग की इस घटना में गांव के 33 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इन मकानों में 44 परिवार रहते थे। अग्निकांड के 24 घंटे बाद भी कई जगहों पर मलबे से धुआं निकल रहा था और आग सुलग रही थी। प्रभावित परिवारों के रहने के लिए टेंट और राशन की व्यवस्था की गई है। वहीं, भोजन उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक रसोई भी शुरू कराई गई है।
राख से उठते धुएं को देखकर रोते रहे पवाणी के लोग
मोरी के पवाणी गांव में मंगलवार को आग ने ऐसी तबाही मचाई कि गांव के करीब 80 प्रतिशत भवन जलकर राख हो गए। बुधवार सुबह तक जले हुए मकानों के मलबे से धुआं उठता रहा। इसे देखकर गांव की महिलाएं दिनभर विलाप करती रहीं। ग्रामीणों ने पूरी रात खेतों में खुले आसमान के नीचे रोते हुए गुजारी। हालांकि, बच्चों और बुजुर्गों को पड़ोसी गांव ओसला भेज दिया गया था।
पवाणी गांव में हुए इस अग्निकांड ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। दिन के समय एक भवन में रसोई गैस सिलिंडर से लीकेज होने के बाद लकड़ी से बने मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे गांव में फैल गई। घटना के समय गांव में बहुत कम लोग मौजूद थे, लेकिन उन्होंने किसी तरह जनहानि और पशुहानि को रोकने में सफलता पाई।
स्थानीय निवासी चैन सिंह रावत ने बताया कि गांव में करीब 15 भवन ही बचे हैं। इन्हें आग से बचाने के लिए लोगों ने राशन आदि रखने के लिए बनाए गए कोठार तक उखाड़ दिए।
रात तक किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक आधे से अधिक परिवार बेघर हो चुके थे। ग्रामीणों ने पूरी रात खेतों में बैठकर विलाप करते हुए बिताई। बचे हुए घरों के लोगों और आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने रात में खिचड़ी बनाकर प्रभावित परिवारों को खिलाई।
स्थानीय निवासी यश पंवार, कृष्णा देवी, जनक पंवार और विजय पंवार ने बताया कि क्षेत्र में सर्दियों के दौरान होने वाली बर्फबारी को देखते हुए छह महीने का राशन, घास, चारा और लकड़ी सहित जरूरत का सामान आग में जलकर राख हो गया। अब इस स्थिति से कैसे उबरा जाएगा, यह किसी को समझ नहीं आ रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.