'टूट चुके विवाह को बनाए रखना भी क्रूरता', हिमाचल हाईकोर्ट ने बरकरार रखा तलाक का फैसला

HIGHLIGHTS
- हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने दिव्यांग पति को दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखा।
- न्यायाधीश सुशील कुकरेजा की अदालत ने पत्नी की अपील खारिज कर दी।
- दोनों की शादी 28 अप्रैल 2005 को हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने वैवाहिक क्रूरता और परित्याग के आधार पर दिव्यांग पति को दिए गए तलाक के फैसले को कायम रखा है। न्यायाधीश सुशील कुकरेजा की अदालत ने पत्नी की अपील खारिज करते हुए टिप्पणी की कि पूरी तरह टूट चुके विवाह को जबरन बनाए रखना भी अपने आप में क्रूरता है।
दोनों का विवाह 28 अप्रैल 2005 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। इस दंपती की एक बेटी भी है। शादी से पहले ही लड़की पक्ष को युवक के बाएं हाथ में 50 प्रतिशत दिव्यांगता होने की जानकारी दे दी गई थी।
पति का आरोप था कि विवाह के बाद पत्नी उसे 'टुंडा कहीं का' कहकर ताने मारती थी। इसके अलावा वह आत्महत्या करने और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देती थी। पति के मुताबिक, पत्नी बार-बार मायके भी चली जाती थी।
सितंबर 2008 से अलग रह रहे थे पति-पत्नी
दोनों सितंबर 2008 से अलग रह रहे थे। धर्मशाला स्थित अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (तृतीय) की अदालत ने 20 मई 2017 को पति के पक्ष में तलाक की डिक्री जारी की थी। इसके बाद पत्नी ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी और पति पर दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए।
हालांकि, सुनवाई के दौरान पत्नी अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर सकी। गवाहों के बयानों से पत्नी की ओर से मानसिक प्रताड़ना और बिना किसी ठोस वजह के पति को छोड़कर जाने की बात की पुष्टि हुई।
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि दोनों पक्ष वर्ष 2008 से अलग रह रहे हैं और उनके बीच विश्वास पूरी तरह खत्म हो चुका है। विवाह के फिर से जुड़ने की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में निचली अदालत के तलाक के फैसले में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं बनता।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.