कर्णप्रयाग के मंदिर में सात फेरे लेकर एक-दूजे के हुए दो उपजिलाधिकारी, सादगी बनी मिसाल

HIGHLIGHTS
- उत्तराखंड के कर्णप्रयाग स्थित मां उमा देवी मंदिर में दो एसडीएम ने शादी रचाई।
- कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण की एसडीएम याक्षी अरोड़ा ने सात फेरे लिए।
- दोनों अधिकारियों ने भव्य आयोजन के बजाय सादगीपूर्ण विवाह को चुना।
कर्णप्रयाग। उत्तराखंड के कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में दो उपजिलाधिकारियों ने बेहद सादगी के साथ शादी की। कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण (अल्मोड़ा) की एसडीएम याक्षी अरोड़ा ने मंदिर परिसर में सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाया।
इस विवाह की सबसे खास बात इसका सादगीपूर्ण आयोजन रहा। आधुनिक चकाचौंध और भव्य इंतजामों से दूर दोनों अधिकारियों ने शादी के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखने वाले मां उमा देवी मंदिर को चुना। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए इस विवाह ने देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों की सुंदरता को भी उजागर किया।
स्थान का है विशेष महत्व
दोनों प्रशासनिक अधिकारियों के इस फैसले की काफी सराहना हो रही है। उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थलों और पारंपरिक परिवेश के कारण पहले से ही विवाह समारोहों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। ऐसे में मंदिर परिसर में सादगी से संपन्न हुआ यह विवाह उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के संदेश को भी मजबूती देता है।
यह विवाह इस बात की मिसाल बना कि शादी की खूबसूरती केवल भव्य आयोजन में नहीं, बल्कि परंपराओं, भावनाओं और आपसी अपनत्व में भी होती है। मंदिर के पुजारी नरेश पुजारी ने इसकी महत्ता बताते हुए कहा कि यह वही पौराणिक स्थल है, जहां मां भगवती उमा ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। यहां सप्त ऋषियों ने उन्हें आशीर्वाद भी दिया था। ऐसे दिव्य स्थान पर विवाह के इस अटूट बंधन में बंधने वाले जोड़े को सभी ने भावपूर्ण शुभकामनाएं दीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.