हरिद्वार में पंचतत्व में विलीन हुईं CM योगी की मां सावित्री देवी, पुत्रों ने दी मुखाग्नि

HIGHLIGHTS
- CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया गया।
- छोटे बेटों शैलेंद्र और महेंद्र ने मां को मुखाग्नि दी।
- पंचूर गांव से सुबह 8:50 बजे अंतिम यात्रा शुरू हुई।
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे बेटों शैलेंद्र और महेंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर से सुबह 8:50 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। गांव से हरिद्वार तक के सफर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और परिवार के सदस्य शामिल हुए।
करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा चंडी घाट पहुंची। यहां धार्मिक परंपराओं के मुताबिक अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वह भावुक दिखाई दिए। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए घाट पर साधु-संतों, राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों का पहुंचना जारी रहा। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत भी अंतिम विदाई में शामिल हुए।
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे परिवार की परंपरा भी रही। पंचूर गांव के लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार आमतौर पर हरिद्वार में करते हैं। इसी परंपरा के तहत सावित्री देवी को भी पैतृक घाट लाया गया। इससे पहले योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल 2020 को हुआ था। उस समय कोरोना संक्रमण के कारण बने हालात के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के बजाय फूलचट्टी घाट पर किया गया था।
ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर दी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि
अंतिम यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर कई जगह ग्रामीणों ने फूल बरसाकर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। लोगों ने शव वाहन पर पुष्प वर्षा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। यात्रा के दौरान लगातार भगवद्गीता का पाठ किया जाता रहा। गांव से हरिद्वार तक बड़ी संख्या में लोग इस अंतिम विदाई के साक्षी बने।
चंडी घाट पर अंतिम संस्कार के समय संत समाज की भी बड़ी मौजूदगी रही। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत के साथ योग गुरु स्वामी रामदेव भी संतों के दल के साथ पहुंचे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारी भी वहां मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई कैबिनेट मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक हस्तियों ने सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। भाजपा नेता बांसुरी स्वराज भी अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। मां का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के साथ हैं।
धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.