सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर ग्रामीणों ने लगाए अवैध कब्जे के आरोप, जांच की मांग

HIGHLIGHTS
- आजमगढ़ के मोहनपुर पटवास गांव के ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से शिकायत कर सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज और उनके परिवार पर तालाब व ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया।
- शिकायतकर्ताओं ने तालाब की जमीन पर फार्म हाउस, खेती और मछली पालन किए जाने का दावा किया और कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्महत्या की चेतावनी दी।
- सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने सभी आरोपों को निराधार बताया और कहा कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने अवैध कब्जा साबित होने पर कार्रवाई स्वीकार करने की बात कही।
आजमगढ़ के लालगंज तहसील क्षेत्र के मोहनपुर पटवास गांव के ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से शिकायत कर समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज और उनके परिवार पर सार्वजनिक तालाब व गरीब ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता गीता सरोज ने न्याय नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की आराजी संख्या 137, जो 7.798 हेक्टेयर क्षेत्रफल में तालाब खाते में दर्ज है, उस पर फार्म हाउस बना लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां खेती और मछली पालन किया जा रहा है, जबकि पहले इस तालाब का इस्तेमाल पशुओं और सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जाता था। गीता सरोज ने आरोप लगाया कि सांसद ने करीब 50 बीघे के तालाब और आसपास रहने वाले कई गरीब ग्रामीणों की जमीनों पर कब्जा कर लिया है।
शिकायत में कहा गया है कि फार्म हाउस के चारों ओर बिजली के तार लगाए गए हैं, कई बोरिंग कराई गई हैं और अवैध रूप से मछली पालन के साथ पेड़ों की कटाई भी की जा रही है। ग्रामीणों ने सांसद के बेटे मनोज सरोज, प्रमोद सरोज और पोते अभिषेक सरोज पर शराब पीकर हंगामा करने और धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। गीता सरोज ने अपनी करीब 1 बीघा जमीन पर कब्जा कर पोखरा पाटने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि एसडीएम, तहसीलदार समेत स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन सांसद के प्रभाव के कारण कार्रवाई नहीं हुई।
सांसद ने आरोपों को बताया गलत
सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने ग्रामीणों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। सांसद ने बताया कि उन्होंने शारदा विश्वकर्मा से 3.5 से 4 बीघा जमीन का बैनामा कराया है और प्रशासनिक अधिकारियों की पैमाइश में उनकी जमीन सही पाई गई है।
उन्होंने कहा कि लाला जी, तिवारी जी और अन्य लोगों से भी उन्होंने नियमों के अनुसार जमीन खरीदी है। सांसद ने दावा किया कि उन्होंने किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया है। उन्होंने अपने बच्चों पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को भी झूठा बताया।
सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने डीएम, कमिश्नर और तहसीलदार को मौके पर जांच करने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर एक इंच भी अवैध कब्जा पाया जाता है तो वह लाखों रुपये का जुर्माना भरने के लिए तैयार हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.