ISRO को बड़ी कामयाबी, PSLV के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड टेस्ट सफल

HIGHLIGHTS
- ISRO ने PSLV के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड स्टैटिक टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया।
- परीक्षण श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में किया गया।
- PSLV के लगातार दो मिशनों में तीसरे चरण की तकनीकी खराबी के कारण असफलता मिली थी।
बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने सबसे भरोसेमंद रॉकेट पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (PSLV) की विश्वसनीयता बहाल करने की दिशा में एक अहम सफलता हासिल की है। इसरो ने गुरुवार को बताया कि श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में रॉकेट के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड स्टैटिक टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
यह परीक्षण PSLV के लगातार दो मिशनों में तकनीकी गड़बड़ियों के कारण असफलता मिलने के बाद किया गया है। दोनों ही मिशनों के दौरान रॉकेट के तीसरे चरण में समस्या सामने आई थी।
संशोधित तीसरे चरण में किए गए अहम तकनीकी बदलाव
इसरो के मुताबिक, सिस्टम को पहले से अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए डिजाइन मार्जिन, कच्चे माल की गुणवत्ता, असेंबली प्रक्रिया और जांच के मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके बाद PS3 सॉलिड मोटर में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए।
इन बदलावों के तहत नोजल कॉन्फिगरेशन को बेहतर बनाया गया है और मैकेनिकल इंटरफेस को पहले से अधिक मजबूती दी गई है। इसके अलावा, किसी भी तरह के रिसाव या दबाव में कमी की आशंका को रोकने के लिए सीलिंग सिस्टम में अतिरिक्त रिडंडेंसी शामिल की गई है।
कच्चे माल की मंजूरी से लेकर मोटर की असेंबली, इंटीग्रेशन और परिवहन तक के अलग-अलग चरणों में अपडेटेड नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग प्रक्रियाएं भी लागू की गई हैं।
लगातार दो मिशनों की नाकामी के बाद किए गए सुधार
PSLV भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम का एक प्रमुख आधार रहा है। हालांकि, पिछले एक साल में लगातार दो मिशनों की विफलता के बाद इसकी विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे थे। मई 2025 में PSLV-C61/EOS-09 और जनवरी 2026 में PSLV-C62/EOS-N1 मिशनों में आई नाकामी के बाद ये तकनीकी बदलाव किए गए हैं।
दोनों अभियानों में रॉकेट के तीसरे चरण के दौरान तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इससे भारत के सैटेलाइट लॉन्च कार्यक्रम के प्रमुख रॉकेट की कार्यक्षमता पर सवाल उठे थे।
18 मई 2025 को 1,696 किलोग्राम वजनी अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट EOS-09 को लेकर PSLV ने उड़ान भरी थी। मिशन के शुरुआती दो चरण सामान्य तरीके से पूरे हुए, लेकिन तीसरे चरण के दौरान चैंबर के दबाव में अचानक गिरावट आ गई। इसके चलते मिशन असफल हो गया था। घटना के बाद सुधार के उपाय सुझाने के लिए राष्ट्रीय स्तर की एक समिति गठित की गई थी।
इसके बाद 12 जनवरी 2026 को PSLV-C62 मिशन में भी झटका लगा। यह रॉकेट OS-N1 अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट के साथ 15 अन्य पेलोड लेकर जा रहा था। तीसरे चरण के अंतिम हिस्से में आई खराबी के कारण रॉकेट की 'रोल रेट' यानी घूमने की गति में गड़बड़ी हो गई। इसके बाद रॉकेट अपने निर्धारित मार्ग से भटक गया और सैटेलाइट्स को तय कक्षाओं में स्थापित नहीं कर पाया।
ग्राउंड टेस्ट के डेटा का होगा विस्तृत विश्लेषण
अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया है कि सफल ग्राउंड टेस्ट से मिले आंकड़ों का अब बारीकी से विश्लेषण किया जाएगा। इसके जरिए संशोधित सॉलिड मोटर और उससे जुड़े सब-सिस्टम के वास्तविक प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। इसी आधार पर आगे की परीक्षण प्रक्रिया तय होगी।
चार चरणों वाला PSLV भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम का महत्वपूर्ण लॉन्च व्हीकल रहा है। इसके जरिए चंद्रयान-1, मार्स ऑर्बिटर मिशन और आदित्य-L1 जैसे कई अहम अभियान पूरे किए जा चुके हैं।
PSLV की विश्वसनीय उड़ान क्षमता को दोबारा स्थापित करना इसरो के अपने अंतरिक्ष अभियानों के साथ-साथ भारत की व्यावसायिक सैटेलाइट लॉन्च प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.