अखिलेश के राम मंदिर जाने के कार्यक्रम पर ओवैसी का तंज, बोले- पूर्व मुख्यमंत्री हैं और पूर्व ही रहेंगे

HIGHLIGHTS
- असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन के एलान के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
- अखिलेश यादव के अयोध्या में राम मंदिर जाने के प्रस्तावित कार्यक्रम पर तंज कसा।
- ओवैसी ने आजम खान का नाम लेकर सपा की मुस्लिम राजनीति पर सवाल उठाए।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन की घोषणा के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के मंच से उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व, सपा की मुस्लिम राजनीति और अयोध्या में राम मंदिर जाने के उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सवाल खड़े किए। इस दौरान आजम खान का जिक्र करते हुए उन्होंने सपा के मुस्लिम सांसदों और विधायकों को भी निशाने पर लिया।
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए ओवैसी ने अमीर मीनाई का शेर पढ़ा, 'सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निकलता आ रहा है तेरा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता।' इसके बाद उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और पूर्व ही रहेंगे। ओवैसी ने सपा अध्यक्ष की राजनीतिक विरासत और उनके नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।
चंद्रशेखर आजाद को गोली लगने की घटना का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि गोली का दर्द आज भी उनके भाई की कमर में है। वहीं, चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि दलितों पर अत्याचार के मुद्दे पर विपक्ष खामोश रहता है।
आजम खान का नाम लेकर सपा की मुस्लिम राजनीति पर सवाल
ओवैसी ने आजम खान का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी की मुस्लिम राजनीति को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने सवाल किया कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सपा के मुस्लिम सांसदों और विधायकों की क्या राय है? क्या अखिलेश ने इस संबंध में आजम खान से अनुमति ली है?
उन्होंने यह भी पूछा कि जब आजम खान मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब समाजवादी पार्टी ने उनके लिए क्या किया। ओवैसी ने कहा कि बाबरी मस्जिद से जुड़े घटनाक्रम के बाद कई लोगों और उनके परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सपा के मुस्लिम नेताओं को अपने नेतृत्व से सवाल करने चाहिए।
ओवैसी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी चुनाव के समय मुस्लिम समाज के समर्थन का इस्तेमाल करती है, लेकिन उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर उतनी मजबूती से खड़ी नहीं होती, जितनी अपेक्षा की जाती है।
SIR के मुद्दे पर चुनाव आयोग से मांगा जवाब
ओवैसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दावे का आधार पूछा, जिसमें प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम काटे जाने की बात कही गई थी।
ओवैसी ने चुनाव आयोग से हटाए गए मतदाताओं की सूची और उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की वजह सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देशभर में 2.89 करोड़ नाम हटाए गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि इनमें कितने लोगों को गैर-भारतीय नागरिक पाया गया है।
ओवैसी ने कहा कि उन्होंने पहले ही आगाह किया था कि SIR पिछले दरवाजे से NRC लागू करने जैसा है।
चंद्रशेखर की भाजपा सरकार को चेतावनी, बुलडोजर कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि संविधान और आरक्षण को खत्म करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का लक्ष्य संविधान और आरक्षण को समाप्त करना है, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की कोशिश की गई तो सरकार को दिन में तारे दिखा देंगे।
बुलडोजर कार्रवाई पर चंद्रशेखर ने कहा कि गिराई गई हर एक मस्जिद के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर आए दिन फर्जी एनकाउंटर होने और मूर्तियां तोड़े जाने का आरोप भी लगाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.