न्यूयॉर्क में तीन मंजिला इमारत ढही, 8 लोगों की मौत, 17 घायल; मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

HIGHLIGHTS
- न्यूयॉर्क में बुधवार को तीन मंजिला अपार्टमेंट बिल्डिंग अचानक ढह गई।
- हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
- कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन दमकलकर्मी शामिल हैं।
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में बुधवार को तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक आठ लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं। इमारत में अपार्टमेंट बने हुए थे और घटना के वक्त वहां लोग मौजूद थे। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव अभियान जारी है।
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस हादसे से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा है।
हादसे पर मेयर ने क्या कहा?
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि आठ न्यूयॉर्कवासियों की मौत से उनका दिल टूट गया है। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने बताया कि बचाव दल ने इमारत ढहने वाली जगह पर पूरी रात तलाशी अभियान चलाया। बचावकर्मी बेहद जोखिम भरे हालात में काम कर रहे थे। उनकी कोशिश मलबे में फंसे लोगों को तलाशकर सुरक्षित बाहर निकालने की थी।
मेयर ने कहा कि इस हादसे में आठ लोगों की जान जा चुकी है और कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े नुकसान पर दुख जताने के लिए शब्द नहीं हैं। जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और करीबियों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की। साथ ही घायलों और इस मुश्किल समय से गुजर रहे सभी लोगों के प्रति भी सहानुभूति जताई। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान अभी जारी है।
ममदानी ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों और अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य में जुटे कर्मचारियों को अपनी दुआओं में याद रखें। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे से प्रभावित होने की आशंका वाले किसी व्यक्ति से संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो न्यूयॉर्क में 311 पर कॉल किया जा सकता है। वहीं, शहर से बाहर रहने वाले लोग 212-639-9675 पर फोन कर सकते हैं।
चश्मदीदों ने क्या बताया?
हादसे की प्रत्यक्षदर्शी इमैनुएला कैरिलस ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि वह इमारत के ठीक पीछे रहती हैं। उनके मुताबिक, अचानक ऐसा महसूस हुआ जैसे कोई बड़ा धमाका हुआ हो। इसके बाद कई लोगों के चीखने की आवाजें सुनाई देने लगीं।
एक अन्य चश्मदीद, जिन्होंने अपनी पहचान केवल डैशिक बताई, ने स्थानीय टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि उन्होंने इससे पहले ऐसा नजारा कभी नहीं देखा था।
हादसे के बाद बचावकर्मियों ने मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। महिला को मलबे से निकालने का दृश्य कैमरे में भी कैद हुआ। उसके पति ने सीबीएस न्यूज से बातचीत में कहा, 'वह जिंदा है। वह अभी भी जिंदा है। मैं बहुत खुश हूं। मैं बहुत खुश हूं। मैं बहुत खुश हूं। आप सभी का धन्यवाद।' उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी छह महीने की गर्भवती है।
क्या इमारत गिरने की वजह का पता चल पाया है?
फिलहाल तीन मंजिला इमारत के ढहने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि इमारत की संरचना में किसी तरह की खामी थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही। जांच के जरिए घटना से जुड़े हालात और इमारत गिरने के संभावित कारणों का पता लगाया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.