छत्तीसगढ़ में गरबा को लेकर वक्फ बोर्ड और बजरंग दल आमने-सामने, जारी किए अलग-अलग निर्देश

HIGHLIGHTS
- वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से आयोजन समिति की अनुमति लेने को कहा।
- उन्होंने गरबा में शामिल होने वालों से सही नाम दर्ज कराने की सलाह दी।
- नाम बदलकर प्रवेश करने वालों के खिलाफ एफआईआर की बात कही गई है।
छत्तीसगढ़। नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों को लेकर छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड और बजरंग दल की ओर से अलग-अलग निर्देश और चेतावनी जारी की गई है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से कहा है कि अगर वे गरबा में शामिल होते हैं तो आयोजन समिति से अनुमति लें, मूर्ति पूजा करें, माथे पर तिलक लगाएं और हाथ में कलावा बांधें। उन्होंने मुस्लिम युवाओं को केवल अपनी मां और बेटियों के साथ गरबा में जाने तथा दूसरे समाज की महिलाओं के साथ गरबा नहीं करने की सलाह दी है।
नियमों के पालन और अनुमति पर जोर
डॉ. सलीम राज ने कहा कि गरबा आस्था से जुड़ा आयोजन है और इस्लाम में मूर्ति पूजा का कोई स्थान नहीं है। उनके मुताबिक, जब मुस्लिम समाज की इसमें आस्था नहीं है और वे मूर्ति पूजा नहीं कर सकते तो उन्हें गरबा में जाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि गरबा मनोरंजन का केंद्र या पर्यटन स्थल नहीं है।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, नाम बदलकर गरबा में प्रवेश करने से छेड़छाड़ और लव जिहाद जैसे मामले सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई मुस्लिम युवा गरबा में शामिल होना चाहता है तो उसे सभी नियमों का पालन करना चाहिए, सही नाम दर्ज कराना चाहिए और अनुमति लेकर ही कार्यक्रम में जाना चाहिए। उन्होंने नाम बदलकर प्रवेश करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की बात भी कही।
बजरंग दल ने आयोजकों को दी चेतावनी
वहीं, बजरंग दल ने गरबा आयोजकों से धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की मांग की है। रायपुर के जिला संयोजक भूषण साहू ने कहा कि गरबा एक धार्मिक आयोजन है और इसे केवल इवेंट या मनोरंजन का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक मर्यादा का पालन नहीं होने पर संगठन विरोध करेगा।
बजरंग दल ने गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने समेत सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े 14 बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को आवेदन दिया है। संगठन का कहना है कि गरबा धार्मिक आयोजन है और इसकी पवित्रता बनाए रखी जानी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 14 बिंदुओं पर मांग
बजरंग दल ने गरबा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। संगठन ने महिला-पुरुषों के आने-जाने के लिए अलग व्यवस्था, पहचान पत्रों की जांच, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी कैमरे और महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग की है।
संगठन ने आयोजकों से अश्लील गानों, नारों और आपत्तिजनक गतिविधियों पर रोक लगाने को भी कहा है। विवाद या छेड़छाड़ की स्थिति में आयोजकों को कानून अपने हाथ में नहीं लेने और भीड़ से कार्रवाई नहीं कराने की सलाह दी गई है। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना देने की बात कही गई है।
इसके अलावा बजरंग दल ने आग से बचाव के इंतजाम, बिजली सुरक्षा, आपातकालीन निकास, प्राथमिक उपचार और पुलिस बल की तैनाती का भी आग्रह किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.