बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक, एकतरफा प्रेम के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- घटना के बाद पुलिस ने शहर के प्रवेश-निकास मार्गों पर नाकेबंदी की।
- दुकानों और घरों में लगे CCTV फुटेज की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।
- फॉरेंसिक स्पेशल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड फेंकने की घटना सामने आई है। आमापारा इलाके में ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर पैदल घर लौट रही छात्रा पर पीछे से आए एक युवक ने अचानक एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का चेहरा और दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। लहूलुहान और झुलसी हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बर्न यूनिट में डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद छात्रा को रायपुर भेज दिया गया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पीड़िता हवलदार (वाहन चालक) की बेटी है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि छात्रा रोजाना की तरह ई-लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। आमापारा के पास सुनसान मोड़ पर पीछे से तेजी से आए हमलावर ने उस पर तेजाब उड़ेल दिया। हमले के बाद छात्रा ने मौके से दौड़कर अपनी जान बचाई और राहगीरों से मदद की गुहार लगाई।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
हवलदार की बेटी पर दिनदहाड़े हुए हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सहित जिले के आला अधिकारी मामले की जांच के लिए तत्काल सक्रिय हुए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभाग की ओर से चिकित्सकों से पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली गई।
पुलिस ने पीड़िता का प्रारंभिक बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आम नागरिकों, विशेषकर छात्राओं और कामकाजी महिलाओं में आक्रोश और भय का माहौल है।
CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आमापारा और शहर के सभी प्रवेश-निकास द्वारों पर नाकेबंदी की। घटनास्थल के आसपास दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, ताकि हमलावर के आने और वारदात के बाद भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
सायबर सेल और पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मामले की जांच की। इसी कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एकतरफा प्रेम से जुड़ा बताया जा रहा मामला
बताया जाता है कि बालोद का आरोपी युवक युवती से एकतरफा प्रेम करता था। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की करण कुंजाम नाम के युवक से दोस्ती है। सोमवार सुबह करण अपनी महिला मित्र के साथ बीजापुर से बालोद पहुंचा था, जहां दोनों ने प्रेम विवाह किया।
इसी दौरान करण के दोस्त ने उसे युवती के प्रति अपने एकतरफा प्रेम के बारे में बताया और दोस्ती का हवाला देते हुए मदद मांगी। इसके बाद करण ने युवती पर एसिड फेंकने की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह अपनी महिला मित्र के साथ बालोद से फरार हो गया।
रायपुर में चल रहा छात्रा का इलाज
गंभीर हालत में छात्रा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रायपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एसपी चंद्रकांत गवार्ना ने बताया कि छात्रा का रायपुर के अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, उसके शरीर के दाहिने हिस्से, चेहरे और आंख के आसपास एसिड से झुलसने की बात सामने आई है।
इधर, कोंडागांव पुलिस के इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय ने बताया कि दोनों आरोपियों को महिंद्रा बस से पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर जांच के लिए फॉरेंसिक स्पेशल टीम भी पहुंची थी। पीड़िता ने समाजशास्त्र से एमए किया है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। पीड़िता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी पहलुओं से सघन जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.