मरकाटोला घाट में भीषण सड़क हादसा, गेहूं लदे ट्रक ने डीजे वाहन को मारी टक्कर, 6 की मौत

HIGHLIGHTS
- घटना नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट की है।
- डीजे/धुमाल वाहन सड़क किनारे खड़ा था।
- गेहूं से भरे ट्रक ने पीछे से वाहन को टक्कर मारी।
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 11:30 बजे सड़क किनारे खड़े डीजे/धुमाल वाहन को पीछे से गेहूं से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक डीजे वाहन को काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे में डीजे वाहन में सवार 6 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 5 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। एक व्यक्ति के ट्रक के नीचे दबे होने की भी सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुरूर थाना पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और अन्य टीमें राहत-बचाव के साथ यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गईं।
रात से लैंडस्लाइड, हादसे से बढ़ी परेशानी
मरकाटोला घाट में बीती रात से ही भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड होने की जानकारी सामने आ रही थी। पहाड़ी से बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने के कारण पहले से ही वाहनों की आवाजाही प्रभावित थी।
बताया जा रहा है कि सड़क के बीच एक बड़ा पत्थर गिरने से यातायात में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान डीजे वाहन और गेहूं से भरे ट्रक के बीच हुई टक्कर ने स्थिति को और गंभीर कर दिया।
बारिश के बीच एनएच-30 पर खतरा बढ़ा
भारी बारिश के चलते मरकाटोला घाट में सड़क की स्थिति के साथ यातायात भी प्रभावित है। लैंडस्लाइड के कारण पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है।
हादसे के बाद एनएच-30 पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर यातायात नियंत्रित करने के साथ मार्ग को सुचारू कराने के प्रयास में जुटी है।
फिलहाल हादसे में मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या और पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बारिश, लैंडस्लाइड और सड़क हादसे के चलते मरकाटोला घाट में फिलहाल लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.