सर्दी का सितम: हिमाचल के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम

हिमाचल प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ताबो में न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन माइनस सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पांवटा और नाहन को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मैदानी और निचले क्षेत्रों में सुबह, शाम और देर रात को घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में भी शुष्क मौसम के चलते ठिठुरन बढ़ गई है। पर्यटन स्थल कुफरी में एनएच किनारे पाले की मोटी सफेद परत जम गई है।
मुख्य क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान:
शिमला 8.0, भुंतर 1.2, कल्पा -0.4, धर्मशाला 5.5, ऊना 6.0, नाहन 10.0, पालमपुर 4.0, सोलन 2.7, मनाली 1.3, कांगड़ा 4.6, मनाली 4.7, बिलासपुर 7.2, हमीरपुर 3.7, जुब्बड़हट्टी 7.6, कुफरी 7.5, कुकुमसेरी -5.7, नारकंडा 5.2, भरमौर 6.2, रिकांगपिओ 2.2, सेऊबाग 0.8, बरठीं 4.1, सराहन 5.3, देहरा गोपीपुर 7.0, ताबो -7.1, नेरी 9.7 और बजौरा 2.2 डिग्री सेल्सियस।
मौसम का पूर्वानुमान:
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बताया कि राज्य में 4 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। मैदानी और कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 28 से 30 नवंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी है। राजधानी शिमला और अन्य हिस्सों में धूप खिली हुई है। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मनाली-लेह सड़क पर ट्रैफिक बहाल:
मनाली-लेह सामरिक मार्ग अब 7 दिसंबर तक वाहनों के लिए खुला रहेगा। उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिसूचना जारी की। पहले ब्लैक आइसिंग और बर्फबारी के डर से 21 नवंबर से यह मार्ग बंद था। मौसम अनुकूल रहने के कारण उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति ने लेह प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर मार्ग को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुला रखने का निर्णय लिया।
इससे पर्यटन और आवागमन प्रभावित नहीं होगा और यात्रियों को मौसम के अनुसार सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.