यमुनानगर: तीन घंटे में सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस, तीन गिरफ्तार

यमुनानगर में अपराध शाखा-1 और शाखा-2 की संयुक्त कार्रवाई में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का रहस्य मात्र तीन घंटे में सुलझा लिया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 25 दिसंबर को गांव सुडैल के पास राक्षी नदी के पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान महमूदपुर निवासी 42 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में की। मृतक के भाई सुनील कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि वारदात 23 दिसंबर की रात को हुई थी। मुख्य आरोपी रवि कुमार, जो गांव खेड़ी रांगडॉन की वर्धमान कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था, का अनिल कुमार से पुराना विवाद था, क्योंकि अनिल कंपनी में उसकी शिकायतें करता रहता था। इस रंजिश के चलते रवि ने अपने साथियों वंश और सनी उर्फ चन्नी को शामिल किया और हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों ने सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में ही अनिल पर चाकू से हमला किया और हत्या के बाद शव को अनिल की ही बाइक पर लादकर राक्षी नदी के पुल के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने मामले में गांव काजल माजरा छछरौली निवासी रवि कुमार, वंश और सनी उर्फ चन्नी को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि कुल चार लोग इस हत्या में शामिल हैं, जिनमें से तीन को पकड़ लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि हत्या में इस्तेमाल चाकू, बाइक और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें। इस सफलता के लिए अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार और शाखा-2 के इंचार्ज राकेश कुमार के नेतृत्व वाली टीम की सराहना की जा रही है। टीम में उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई योगेश, विकास, अंकित, राजीव और अजय शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.