'यूपी में 50% से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व कर रही नारी शक्ति', बोले CM योगी

HIGHLIGHTS
- महिला कार्यबल की भागीदारी 12% से बढ़कर 36% से अधिक हुई।
- प्रदेश में 50% से ज्यादा स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।
- सीएम योगी ने नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं का जिक्र किया।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 फीसदी से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। वहीं, महिला कार्यबल की भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री ने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और उनके लिए लगातार बढ़ रहे अवसरों का प्रमाण बताया।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना के अनुरूप काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा देने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं और पहलों को आगे बढ़ा रही है।
नाइट शिफ्ट में भी काम कर रहीं बेटियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर की चौखट पार करना चुनौतीपूर्ण था, वे आज नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और महिला कार्यबल का विस्तार रोजगार के बदलते अवसरों को दर्शाता है।
योजनाओं से शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा
सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान के माध्यम से माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के जरिए बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों के लिए शिक्षा, सुरक्षा, आवागमन और आत्मनिर्भरता के अवसर बढ़ाना है।
‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण प्रदेश के विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक भागीदारी बढ़ने से उनके लिए नए अवसर खुलते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ की भावना के साथ सरकार ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.