दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार की शाम अचानक मौसम खुशनुमा हो गया है। धूल भरी आंधी चलने के बाद कई जगह बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने कल ही हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई थी। साथ ही गरज के साथ बिजली चमकने के आसार जताए थे।
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान आया नगर में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा पालम, सफदरजंग, आया नगर में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बदला मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। ऐसे में तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट होगी। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होनी शुरू होगी।
पारा 40 डिग्री के पार जाने पर बनती है लू की स्थिति
मौसम विभाग की तकनीकी परिभाषा के मुताबिक, दिल्ली में अगर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर है और सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा है तो उसे लू की स्थिति माना जाता है। जबकि, सामान्य से साढ़े छह डिग्री ज्यादा तापमान होने पर उसे गंभीर लू की स्थिति (सीवियर हीट वेव) की स्थिति माना जाता है। गुरुवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान रहा।