मुजफ्फरनगर। रात में आई आंधी-बारिश से शहर की विद्युत आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। बारिश के बाद मौसम में अचानक परिवर्तन हो गया। तापमान में करीब आठ डिग्री की गिरावट आई है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है। आंधी से आम की फसल को नुकसान हुआ है। दोपहर तक बिजली आपूर्ति शुरू हो पाई।
मंगलवार की शाम आकाश में छाए बादलों के बाद अचानक तेज हवा चली और बारिश शुरू हो गई। पूरी रात यही स्थिति रही। आंधी के बाद पूरे शहर की आपूर्ति बाधित हो गई और रात भर शहर अंधेरे में डूबा रहा। बुधवार सुबह के समय ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई। आकाश में बादल छाए रहे और बूंदा-बादी हुई। दिन में मौसम साफ हो गया। अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। अधिकतम तापमान जो 40 डिग्री के आस-पास चल रहा था, लुढ़क कर 31.8 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान, जो मंगलवार को 28 तक पहुंच गया था, बुधवार को 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। जिले में चार मिली मीटर वर्षा रिकार्ड की गई।