चरथावल। सम्राट पृथ्वीराज चौहान के सेनापति रहे ठाकुर धीर सिंह की प्रतिमा निजी जमीन पर लगाने के लिए रोनी हरजीपुर के ग्रामीण ने सहमति दे दी है। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी एवं एसएसपी संजीव सुमन ने निजी भूमि पर प्रतिमा लगाने की संस्तुति शासन को भेजी है।
गांव रोनी हरजीपुर के सहदेव ने वीर योद्धा की प्रतिमा लगाने के लिए अपनी भूमि में से 144 वर्ग फीट जमीन देने की सहमति दी है। उन्होंने कहा कि वे ग्रामीणों के सहयोग से ठाकुर धीर सिंह पुंडीर की प्रतिमा लगवाना चाहते है। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर की बिंदुवार आख्या मांगी। भूमि की जांच राजस्व अभिलेखों से कराई गई। किसान की भूमि में सह खातेदारों के बयान दर्ज किए गए। उन्होंने उक्त भूमि पर प्रतिमा लगने में कोई एतराज नहीं किया। जांच में भूमि पर कोई विवाद भी नहीं पाया गया।
प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया के बाद प्रतिमा लगाने के लिए गृह सचिव (पुलिस) लखनऊ को संस्तुति के लिए पत्र भेज दिया है। धीर सिंह पुंडीर संघर्ष समिति के अंकुर राणा ने बताया ग्रामीणों के सहयोग से प्रशासन ने वादे के मुताबिक संस्तुति शासन को भेजी है। ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर ने बताया वे शासन में पैरवी कर प्रतिमा लगाने की अनुमति कराऐंगे।
ये था मामला
चरथावल। जून में गांव रोनी हरजीपुर में प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर बिना अनुमति के धीर सिंह पुंडीर की प्रतिमा लगा दी गई थी। प्रशासन ने नौ जून को बिना अनुमति सरकारी जमीन पर लगाई गई प्रतिमा को हटवा दिया था। उस दिन डीएम और एसएसपी ने गांव जाकर धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाया था। ग्रामीणों ने गांव में अगले दिन पंचायत का ऐलान कर दिया। इसके बाद सरधना क्षेत्र के पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम ने आकर हस्तक्षेप किया। उन्होंने जिला मुख्यालय पर डाक बंगले में क्षेत्र के संभ्रात लोगों को बुलाकर डीएम और एसएसपी से वार्ता की थी। ग्रामीणों ने भरोसा दिया था कि प्रतिमा लगाने के लिए निजी का बंदोबस्त कराएंगे। जिला प्रशासन ने निजी भूमि पर अनुमति के लिए शासन को संस्तुति भेजने का वादा किया था। इसके बाद पंचायत स्थगित हुई थी।