मुजफ्फरनगर: मौत से पहले पिता को किया था कॉल, विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना से कुछ ही समय पहले युवती ने अपने पिता से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि वह अपने कमरे में फांसी के फंदे से लटकी मिली है। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता दीपक कुमार ने इस मामले में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पति आकाश (24), सास, जेठ रजत और चाचा प्रमोद धनगर सहित अन्य परिजन 20 लाख रुपये नकद और कार की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।
इस बीच, पिता और बेटी के बीच हुई आखिरी फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। इसमें युवती रोते हुए अपने पिता से कहती सुनाई दे रही है कि “पापा मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार देंगे।” पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार की बेटी स्नेहा (20) का पड़ोस में रहने वाले आकाश खटीक (24) से प्रेम संबंध था। दोनों परिवार शुरुआत में इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन 2024 में दोनों घर से भाग गए थे और बाद में परिवार की सहमति से उनकी शादी हुई थी।
शादी के बाद स्नेहा के मायके पक्ष का परिवार दिल्ली चला गया, जबकि आकाश बुढ़ाना में एक वाटर पार्क में नौकरी करता है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और दहेज को लेकर उसे लगातार ताने और मारपीट का सामना करना पड़ा।
पिता दीपक कुमार ने बताया कि बेटी लगातार फोन पर प्रताड़ना की जानकारी देती थी और कई ऑडियो उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

घटना के बाद सामने आए वीडियो में स्नेहा को अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है। परिजनों का कहना है कि उन्हें न्याय मिलना चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति और अन्य ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.