DUSU चुनाव में ABVP की बड़ी जीत, BJP बोली- युवाओं ने दिया साफ संदेश

HIGHLIGHTS
- नॉर्थ कैंपस में मतगणना के बाद DUSU चुनाव के नतीजे घोषित हुए।
- यश डबास ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
- रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव चुने गए।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे नॉर्थ कैंपस में हुई मतगणना के बाद घोषित कर दिए गए हैं। ABVP ने DUSU के चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है। ABVP के यश डबास अध्यक्ष, रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव चुने गए हैं। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है।
ABVP की जीत के बाद पार्टी से जुड़े कई नेताओं ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। दिल्ली प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के अलावा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने इसे युवाओं से जोड़कर अपनी प्रतिक्रिया दी।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, ‘दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) का चुनाव एक अहम घटना है, क्योंकि देश भर के छात्र दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं। इसलिए DUSU चुनाव बहुत महत्वपूर्ण और गहरे प्रतीकात्मक महत्व वाला है।’
रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ABVP ने एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज कर अपनी मजबूत मौजूदगी दिखाई है, जबकि कांग्रेस पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी। उन्होंने ABVP के सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी।
रिजिजू ने कहा कि ‘यूथ की गूंज’ वाले नैरेटिव को छात्रों ने नकार दिया है और उन्होंने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी है। उन्होंने DUSU चुनाव को एक तरह का जनमत संग्रह बताते हुए कहा कि यह युवाओं की आवाज को दर्शाता है।
नितिन नबीन ने भी दी जीत की बधाई
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी ABVP को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली यूनिवर्सिटी में DUSU चुनावों में ABVP की ऐतिहासिक जीत पर मेरे सभी युवा दोस्तों को बधाई। यह जीत ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर आधारित सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर विश्वास और ‘विकसित भारत’ के विजन में योगदान देने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।’
उन्होंने जीतने वाले उम्मीदवारों और इस जीत के लिए प्रयास करने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।
नितिन गडकरी ने ABVP की जीत पर क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ABVP की जीत पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को मिली ऐतिहासिक और शानदार जीत पर परिषद के सभी निष्ठावान कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।’
उन्होंने अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और सह-सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह को जीत की शुभकामनाएं दीं।
गडकरी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि परिषद के युवा साथी ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित टीम छात्र कल्याण और राष्ट्र सेवा के लिए काम करती रहेगी।
‘ये जीत युवाओं के Nation First की नीति में अटूट विश्वास का प्रतीक’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ABVP को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की शानदार सफलता पर सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत युवाओं के Nation First की नीति में अटूट विश्वास का प्रतीक है।’
उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ABVP छात्र हितों, राष्ट्र सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करती रहेगी। राजनाथ सिंह ने ABVP की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ABVP की जीत पर हर्ष मल्होत्रा ने क्या कहा?
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026 में ABVP की जीत दिल्ली के छात्रों के राष्ट्रवादी संकल्प की जीत है। उन्होंने कहा कि यह केवल तीन पदों की जीत नहीं है, बल्कि उन ताकतों की हार है, जो उनके अनुसार कैंपस को राजनीति का अखाड़ा बनाकर युवाओं को गुमराह करना चाहती थीं।
हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग युवाओं के हाथ में किताब की जगह नफरत का झंडा देना चाहते थे और देश की एकता को तोड़ने वाला एजेंडा DU के हॉस्टलों तक लाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि DU के छात्रों ने साफ संदेश दिया है कि दिल्ली का युवा झूठे वादों और विदेशी फंडिंग वाली राजनीति को नकारता है।
वीरेंद्र सचदेवा बोले- आज का युवा भ्रमित नहीं है
दिल्ली के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि ABVP के तीन उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम दिखाता है कि देश का युवा किसके साथ है। सचदेवा ने कहा कि आज का युवा भ्रमित नहीं है और वह जानता है कि भारत का भविष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित हाथ में है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.