गांवों के बाद अब शहरों में सियासी जमीन मजबूत करेगी RLD, 17 महानगरों में संगठन विस्तार की तैयारी

HIGHLIGHTS
- पार्टी ने प्रदेश के 17 महानगरों में संगठन विस्तार की रणनीति बनाई है।
- रालोद मेयर से लेकर पार्षद तक के चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
- शहरी संगठन की जिम्मेदारी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्र को सौंपी गई है।
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अब अपनी राजनीति को गांवों और किसानों तक सीमित रखने के बजाय शहरी क्षेत्रों में भी विस्तार देना चाहती है। पार्टी ने ग्रामीण राजनीति की पहचान से आगे बढ़ते हुए शहरों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए प्रदेश के 17 महानगरों में संगठन का विस्तार करने और महानगर अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा करने की रणनीति तैयार की गई है। रालोद अब मेयर से लेकर पार्षद तक के चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस रणनीति को लेकर बैठकों का सिलसिला चल रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शहरी संगठन की जिम्मेदारी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्र को सौंपी है। मेरठ और नोएडा में महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। दूसरी ओर, बनारस, गोरखपुर और प्रयागराज में अभी तक अध्यक्षों के नाम तय नहीं किए गए हैं। इन शहरों में पदाधिकारियों से संभावित नाम मांगे गए हैं। स्थानीय स्तर पर बैठकें आयोजित कर जल्द ही जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
पार्टी ने महानगर अध्यक्षों के लिए स्पष्ट किया है कि सिर्फ पद पर बने रहना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उन्हें अपने काम से प्रदर्शन साबित करना होगा। उनके कामकाज की समीक्षा संगठन के विस्तार, जिलाध्यक्षों के साथ तालमेल, महानगर और वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन तथा बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने के आधार पर की जाएगी। अध्यक्षों को केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि ऐसा संगठनात्मक ढांचा तैयार करना है जो चुनाव लड़ने में सक्षम हो।
शहरी निकाय चुनाव रालोद की इस रणनीति का अगला प्रमुख लक्ष्य हैं। पार्टी की योजना है कि जिन महानगर अध्यक्षों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहेगा, उन्हें जिम्मेदारी से हटाकर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। इस पूरी कवायद के जरिए रालोद अपनी पारंपरिक ग्रामीण राजनीति के साथ शहरी मतदाताओं के बीच भी अपनी राजनीतिक जगह बनाने की कोशिश में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.