अखिलेश यादव का बड़ा आरोप- 2022 में काटे गए सपा समर्थकों के वोट, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

HIGHLIGHTS
- लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने रखी अपनी बात
- 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा समर्थकों के वोट कटने का किया दावा
- फॉर्म-7 के इस्तेमाल को लेकर भी अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
- शिक्षा मित्रों और मदरसों के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस सरकार के पास कोई दूसरा काम नहीं है। इनका काम केवल लोगों को बांटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों के साथ भेदभाव किया गया है। भाजपा को सिर्फ तोड़ना आता है। भाजपा ने आधी-अधूरी नौकरी और आधी-अधूरी शिक्षा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने पर पूरी व्यवस्था को ठीक किया जाएगा। आने वाले समय में हम शिक्षा मित्रों को और बेहतर बनाने का काम करेंगे और उन्हें एक शिक्षक के रूप में सम्मान देंगे।
बचाव करने वाले खुद घोटाले में शामिल
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की गड़बड़ी के चलते यूपी में सपा की सरकार नहीं बन सकी। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद हमने कहा था कि सपा समर्थकों के वोट काटे गए हैं। 2017 में हम इसे समझ नहीं पाए थे। हमारा मानना था कि चुनाव आयोग ईमानदारी और निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा होगा, लेकिन ऐसा नहीं था।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग लंबे समय से चुनाव में गड़बड़ी कर रहा था, लेकिन अब यह सामने आ रही है। भाजपा के लोगों ने गांव-गांव से वोट कटवाने का प्रयास किया और बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरकर भेजे। लखनऊ में एक ही व्यक्ति ने फॉर्म-7 भरकर 100 से अधिक वोट कटवा दिए, जबकि एक व्यक्ति केवल पांच लोगों के खिलाफ ही फॉर्म-7 जमा कर सकता है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव में गड़बड़ी को लेकर आयोग का बचाव कर रहे हैं, तो इसका मतलब है कि वह भी घोटाले में शामिल हैं।
चुनावों में वोट चोरी और बेईमानी तो लंबे समय से चल रही
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावों में वोट चोरी और बेईमानी लंबे समय से होती आ रही है। 2022 के चुनाव में हमने देखा कि समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बड़ी संख्या में वोट काट दिए गए। अब जब बेईमानी से जुड़ी खबरें अखबारों में प्रकाशित होने लगी हैं, तब लोगों को समझ में आ रहा है कि वोट चोरी और चुनाव में घोटाला हो रहा है। नोएडा में अभी भी फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में वोट चोरी को लेकर जिस तरह की खबरें सामने आ रही हैं, उसका स्वतः संज्ञान लेते हुए कोर्ट को पश्चिम बंगाल और बिहार में दोबारा चुनाव कराना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2024 में भाजपा को हराया है। 2027 में भाजपा का सफाया कर देंगे। भाजपा पूंजीपतियों के लिए काम करती है और धन्नासेठों की पार्टी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.