INDIA गठबंधन की बैठक से अखिलेश यादव ने बनाई दूरी, बोले- 'उस दिन व्यस्त हूं'

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठक को लेकर जानकारी दी।
- उन्होंने कहा कि उस दिन वह व्यस्त रहेंगे।
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनकी बातचीत हुई है।
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर जारी बयानबाजी के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 30 सितंबर को दिल्ली में होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि वह इस बार बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। इस संबंध में उनकी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बातचीत हुई है। अखिलेश यादव ने कहा कि उस दिन वह व्यस्त हैं और गठबंधन की बैठक में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग निहितार्थ निकाले जा सकते हैं।
यूपी के मुख्यमंत्री वोट चोरी की प्रक्रिया में हैं शामिल
सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि यूपी के मुख्यमंत्री और भाजपा वोट चोरी तथा घोटाले में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वे वोट चोरी के मामले में चुनाव आयोग का बचाव कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी कर सकते हैं, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है।
अखिलेश यादव ने रविवार को प्रदेश सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि चुनाव आयोग को अपनी विश्वसनीयता बनाए रखनी चाहिए और किसी के इशारे पर काम नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने वोट चोरी और चुनाव में बेईमानी को लेकर कई बार चुनाव आयोग से शिकायत की, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनके मुताबिक, उपचुनावों में सभी ने लोकतंत्र की हत्या होते हुए देखी।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान भाजपा ने मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए छपे हुए फॉर्म-7 गांव-गांव भेजे। अखिलेश यादव के अनुसार, चुनावों में वोट चोरी और बेईमानी लंबे समय से चल रही है। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बड़ी संख्या में वोट काटे गए थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि अब जब बेईमानी की खबरें अखबारों में प्रकाशित होने लगी हैं, तब लोगों को समझ में आ रहा है कि वोट चोरी और चुनाव में घोटाला हो रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा में अभी भी फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में वोट चोरी को लेकर जिस तरह की खबरें सामने आ रही हैं, उसका स्वतः संज्ञान लेते हुए कोर्ट को पश्चिम बंगाल और बिहार में दोबारा चुनाव कराना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2024 में भाजपा को हराया है और 2027 में भाजपा का सफाया कर देंगे। उन्होंने भाजपा पर पूंजीपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह धन्नासेठों की पार्टी है।
शहरों में जलभराव को लेकर सरकार पर निशाना
शहरों में जलभराव के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को सैफई के विकास से ही कुछ सीख लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जिस गोरखपुर में मुख्यमंत्री मेट्रो रेल चलाने की घोषणा कर रहे थे, वहां नाव चल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज और वाराणसी का भी खराब हाल है।
कहीं भाजपा के बजाय वाहिनी से न हो हमारा मुकाबला
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर में जो कुछ हो रहा है, वह आपसी लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि आने वाले चुनाव में भाजपा की जगह वाहिनी से उनका मुकाबला हो रहा हो।
रथ से दिया पीडीए का संदेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने रथ से गीता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि हमने रथ से पीडीए का संदेश दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर यश भारती की पुरस्कार राशि बढ़ाकर 21 लाख रुपये की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.