देव दीपावली पर काशी के आसमान में दिखी हरि-हर की छवि, पीएम मोदी ने साझा की तस्वीरें

HIGHLIGHTS
- देव दीपावली पर मंगलवार को काशी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
- घाटों, सामने की रेती, कुंडों और अन्य आयोजन स्थलों पर कुल 21 लाख दीये जलाए गए।
- चेत सिंह घाट पर 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन से शिव तांडव और गंगा अवतरण की आकृतियां दिखाई गईं।
वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर मंगलवार को काशी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों दीपों की रोशनी से गंगा के घाट जगमगा उठे और पूरा शहर आस्था के रंग में नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी काशी में देव दीपावली की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक भव्यता से सराबोर है।
21 लाख दीयों की रोशनी से जगमगाई काशी
देव दीपावली पर काशी के घाटों, सामने की रेती, कुंडों और अन्य आयोजन स्थलों पर कुल 21 लाख दीपक जलाए गए। गंगा के सामने चेत सिंह घाट की रेती पर पहली बार 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन के जरिए आसमान में शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों की आकृतियां प्रदर्शित की गईं। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं की महाआरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान कारगिल युद्ध के बलिदानियों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
मठों और मंदिरों में दीपदान, गौरी केदारेश्वर मंदिर का चांदी से शृंगार
देव दीपावली के मौके पर काशी के मंदिरों, मठों और आश्रमों में विशेष पूजा-अर्चना और दीपदान के आयोजन हुए। विष्णु मंदिरों में भगवान का विशेष शृंगार किया गया, जबकि दक्षिण भारतीय मठों और मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना हुई। गौरी केदारेश्वर मंदिर में चांदी के ज्योतिर्लिंग का विशेष शृंगार किया गया।
वहीं, अन्नपूर्णा मंदिर में शृंगार के बाद दीपदान किया गया। श्रीरामतारका आंध्रा आश्रम में पांच घंटे तक भगवान शिव का अभिषेक चला। पंचगंगा स्थित बिंदु माधव मंदिर में भगवान का हाथी पर शृंगार किया गया। इसके बाद मखन, मलाई, शृखंड आदि से आरती की गई।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.