परिसीमन बिल के खिलाफ विपक्ष के साथ खड़ी रहेगी सपा, 2027 के चुनाव में भी उठाएगी मुद्दा

HIGHLIGHTS
- परिसीमन विधेयक के विरोध में इंडिया गठबंधन के साथ रहेगी समाजवादी पार्टी।
- 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है।
- अखिलेश यादव ने पहले से पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग की।
लखनऊ। परिसीमन के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने साफ कर दिया है कि वह इस विधेयक के विरोध में मुख्य विपक्षी इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी है। इसी दिन से संसद का विशेष सत्र भी शुरू हो रहा है। सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के साथ महिला आरक्षण को लेकर प्रस्ताव तैयार किया है।
इस पूरे मामले पर सपा का रुख पहले से स्पष्ट है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव कह चुके हैं कि महिला आरक्षण विधेयक जिस स्वरूप में संसद से पारित हो चुका है, उसे सरकार को तुरंत लागू करना चाहिए। हालांकि, उन्होंने परिसीमन विधेयक का विरोध किया है।
सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन विधेयक के खिलाफ सपा विपक्षी दलों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि परिसीमन को केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। यह राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक न्याय और राज्यों के बीच शक्ति संतुलन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने और प्रत्येक राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, राज्यों के बीच सीटों का वर्तमान अनुपात 2051 तक बनाए रखने की व्यवस्था प्रस्तावित है। सरकार का कहना है कि इससे उन दक्षिणी राज्यों की चिंताएं दूर होंगी, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के मामले में बेहतर प्रदर्शन किया है।
2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी अहम मुद्दा
परिसीमन का मुद्दा सपा के लिए राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। पार्टी इस विषय को भाजपा सरकार के फैसलों और उनके संभावित राजनीतिक प्रभाव से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है।
सपा का आकलन है कि जिस तरह नोटबंदी को सरकार का बड़ा फैसला बताया गया था, लेकिन उससे न तो कालाधन आया और न ही भ्रष्टाचार पर रोक लगी, बल्कि ये समस्याएं और बढ़ गईं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि नोटबंदी की तरह परिसीमन भी भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उनका आरोप है कि भाजपा इसे उत्तर प्रदेश के चुनाव को ध्यान में रखकर ला रही है।
सपा सूत्रों का तर्क है कि परिसीमन के जरिए यदि राजनीतिक प्रतिनिधित्व का नया संतुलन बनाया गया तो इसका प्रभाव केवल संसद की सीटों तक नहीं रहेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरण भी बदल सकते हैं। इसी वजह से पार्टी विपक्षी दलों के साथ मिलकर इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है।
30 नवंबर को लोकसभा में विधेयक पेश होने के साथ ही परिसीमन को लेकर राजनीतिक संघर्ष का अगला दौर शुरू होने की संभावना है। सपा ने संकेत दिया है कि वह इस लड़ाई में विपक्ष के साथ रहेगी। साथ ही, पार्टी इसे 2027 के चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाने की कोशिश करेगी और सवाल उठाएगी कि संसद से पहले ही पारित महिला आरक्षण कानून को अब तक लागू क्यों नहीं किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.