मायावती ने महिला आरक्षण का किया स्वागत, कहा- एससी-एसटी महिलाओं को मिले अलग आरक्षण

HIGHLIGHTS
- मायावती ने केंद्र सरकार के महिला आरक्षण संबंधी फैसले का स्वागत किया।
- 33 प्रतिशत आरक्षण के भीतर एससी और एसटी महिलाओं के लिए अलग कोटे की मांग की।
- कहा, अलग आरक्षण की व्यवस्था होती तो यह ऐतिहासिक कदम होता।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के दायरे में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की महिलाओं के लिए अलग आरक्षण का प्रावधान भी होना चाहिए। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मायावती ने कहा कि इससे लंबे समय से शोषण, पीड़ा और उपेक्षा झेल रही महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।
मायावती ने कहा कि बसपा शुरुआत से ही सभी वर्गों की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उनकी उचित भागीदारी की समर्थक रही है। पार्टी की ओर से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग लगातार उठाई जाती रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के समतामूलक संविधान की भावना के अनुसार महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग कोटे की मांग
बसपा प्रमुख ने कहा कि महिला आरक्षण के तहत एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की व्यवस्था की जाती तो यह एक ऐतिहासिक कदम साबित होता। उन्होंने कहा कि जातिवाद, धनबल और बाहुबल से प्रभावित चुनावी राजनीति में इन समुदायों की महिलाओं को भी आगे आने और उचित भागीदारी हासिल करने का मौका मिलना चाहिए। मायावती ने केंद्र सरकार से इस मांग पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की अपील की।
परिसीमन प्रक्रिया में गड़बड़ी की जताई आशंका
मायावती ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने से संबंधित तीन विधेयकों और परिसीमन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या और सीमा तय करने की प्रक्रिया में गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी हित साधने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई बार देश और जनता के हितों की तुलना में अपने दल के हितों को अधिक प्राथमिकता देती हैं। मायावती ने लोगों से अपील की कि वे धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर मतदान करें। साथ ही, लुभावने वादों और घोषणाओं से प्रभावित हुए बिना अच्छे लोगों को चुनने का संकल्प लें। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा तथा सम्मान की वास्तविक गारंटी बताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.