गोरखपुर में भाजपा को झटका, पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने थामा सपा का दामन

HIGHLIGHTS
- विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गोरखपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ।
- नगर निगम पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने भाजपा छोड़ दी।
- लखनऊ में अखिलेश यादव ने उन्हें सपा की सदस्यता दिलाई।
गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गोरखपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सांसद रवि किशन के साथ जलभराव के मुद्दे पर फोन पर हुई तीखी बहस के बाद चर्चा में आए नगर निगम पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने शुक्रवार को भाजपा छोड़ दी। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस तरह विश्वजीत त्रिपाठी की सपा में वापसी हो गई। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी सपा का दामन थाम लिया।
विवाद के बाद सपा में वापसी का फैसला
विश्वजीत त्रिपाठी के भाजपा छोड़ने की अटकलें सितंबर से ही लगने लगी थीं। दरअसल, भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने सांसद रवि किशन से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान सांसद ने तंज करते हुए उनसे पूछा था कि पार्षद जी, सपा ज्वाइन कर लिए क्या? इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। बातचीत का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
इसके बाद विश्वजीत त्रिपाठी की अखिलेश यादव के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई थीं। इन तस्वीरों के बाद उनके दल बदलने की चर्चाओं को और बल मिला था।
सपा के टिकट पर जीते थे पार्षद का चुनाव
विश्वजीत त्रिपाठी का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने पार्षद का चुनाव समाजवादी पार्टी के सिंबल पर लड़ा था और जीत दर्ज की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने सपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।
इसके बावजूद उनकी सपा के प्रति नजदीकी के संकेत समय-समय पर मिलते रहे। हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव में भी उन्होंने सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के समर्थन में प्रचार किया था। अब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उन्होंने औपचारिक रूप से सपा में वापसी कर ली है।
इन लोगों ने भी ग्रहण की सपा की सदस्यता
विश्वजीत त्रिपाठी के साथ गौरव राय, कौशिक, गिरिजेश यादव, राहुल सिंह और सैफुल्लाह अंसारी ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम सहित गोरखपुर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नए सदस्यों ने पार्टी की नीतियों के अनुसार जनता के हित और उत्थान के लिए पूरी मजबूती से काम करने का संकल्प लिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विश्वजीत त्रिपाठी की वापसी से गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के संगठन को मजबूती मिल सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.