आजमगढ़: जिला अस्पताल में 2 घंटे गुल रही बिजली, टार्च की रोशनी में मरीजों की जांच

HIGHLIGHTS
- दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
- वार्ड में भर्ती मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए तीमारदार हाथ से हवा करते नजर आए।
- इलेक्ट्रिशियन ने ओवरलोडिंग को बिजली बाधित होने की वजह बताया।
आजमगढ़। जिला अस्पताल में शुक्रवार दोपहर अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब दो घंटे तक बिजली नहीं रहने से मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सकों को उमस भरी गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। बिजली संकट का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा और चिकित्सकों को टार्च की रोशनी में मरीजों की जांच करनी पड़ी।
दोपहर तक जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या करीब 14 सौ से अधिक पहुंच चुकी थी। ओपीडी के बाहर और अंदर चिकित्सकों को दिखाने के लिए मरीजों की काफी भीड़ मौजूद थी। दोपहर करीब 12 बजे बिजली कटने के बाद ओपीडी में मौजूद डॉक्टरों के साथ मरीजों और तीमारदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वार्डों में भर्ती मरीज उमस और गर्मी से परेशान रहे। तीमारदार अपने मरीजों को राहत देने के लिए कोई तख्ती तो कोई रुमाल से हवा करता नजर आया। वहीं, जनपद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आगमन के चलते कई चिकित्सक वीआईपी ड्यूटी में थे। इसके कारण ऑपरेशन थिएटर में किसी मरीज का ऑपरेशन नहीं हुआ।
बिजली जाने के संबंध में अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों ने अस्पताल प्रबंधन से जानकारी मांगी, लेकिन कोई कुछ बताने को तैयार नहीं था। ओपीडी में टार्च की रोशनी में मरीजों की जांच कर रहे चिकित्सक से जब बिजली आपूर्ति बाधित होने का कारण पूछा गया तो उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर नाराजगी जताई।
इलेक्ट्रिशियन धीरज श्रीवास्तव ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण ओपीडी और वार्ड में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.