बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामला: राजेंद्र चौहान के घर से कई देशों की करेंसी बरामद

HIGHLIGHTS
- बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान के आवास से एसआइटी ने कई देशों की करेंसी, केसर और देशी घी के डिब्बे बरामद किए।
- अदालत ने राजेंद्र चौहान को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया, जबकि वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल की रिमांड याचिका खारिज कर दी गई।
- एसआइटी की जांच में कुछ अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी चढ़ावे में हेराफेरी के साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
चमोली। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के आरोप में गिरफ्तार सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान के आवास से एसआइटी ने कई देशों की विदेशी मुद्रा बरामद की है।
शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद एसआइटी ने राजेंद्र चौहान के बदरीनाथ स्थित सरकारी आवास की तलाशी ली थी। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने आरोपित को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।
इसी मामले में गिरफ्तार वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तीन दिन के रिमांड पर लेने के लिए एसआइटी की ओर से दायर याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया।
राजेंद्र चौहान इसी साल 30 जून को मंदिर अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान उन्हें कई बार दान राशि और जेवरात चोरी करते हुए देखा गया था। इसके बाद से एसआइटी मामले की जांच कर रही है।
एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि आरोपित सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी अभी भी सरकारी आवास में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके आवास से बांग्लादेश, सऊदी अरब, नेपाल, रूस सहित अन्य देशों की करेंसी बरामद हुई है। इसके अलावा केसर के सात डिब्बे और देशी घी के सात डिब्बे भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि विदेशी मुद्रा और सामग्री श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में चढ़ाई गई थी।
अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी, अन्य कर्मी भी जांच के दायरे में
बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में दान राशि और जेवरात चोरी करते पाए जाने पर एसआइटी अब तक वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल और सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी चमोली ने बताया कि कुछ अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी दान-चढ़ावे में गड़बड़ी के साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जल्द ही जरूरत पड़ने पर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि बदरी विशाल को अर्पित किए गए जेवरात के रिकॉर्ड में ओवरराइटिंग मिलने के बाद खजांची संदेश मेहता को पद से हटा दिया गया है।
प्रमोद नौटियाल की रिमांड याचिका हुई खारिज
एसआइटी ने अदालत में प्रमोद नौटियाल से पूछताछ और चढ़ावे की धनराशि व सोने-चांदी की वस्तुओं की बरामदगी के लिए तीन दिन की रिमांड मांगी थी। हालांकि अदालत ने एसआइटी की इस मांग को स्वीकार नहीं किया।
नौटियाल पर गणना प्रक्रिया के दौरान दान-चढ़ावे की धनराशि में गबन का आरोप लगाया गया है। वहीं, एसआइटी ने जेल भेजे गए सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान की रिमांड की मांग अदालत से नहीं की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.