कानपुर में बारिश के बीच धंसी जमीन, आंगन में युवती गड्ढे में समाई; NDRF का रेस्क्यू जारी

HIGHLIGHTS
- बाथरूम से निकलकर आंगन में पहुंची थी करीब 18 वर्षीय यशी
- तेज आवाज के साथ अचानक धंसी आंगन की जमीन
- मिट्टी गिरने से युवती गड्ढे में दब गई
कानपुर। महाराजपुर के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह तेज बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में अचानक जमीन धंसने से एक युवती उसी जगह बने गड्ढे में समा गई। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोगों ने जब बेटी को जमीन के अंदर जाते देखा तो उनके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बैकहो लोडर की मदद से खुदाई कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव अभियान की कमान एनडीआरएफ की टीम संभाल रही है।
महाराजपुर के पुरवामीर निवासी किसान विनोद सविता की करीब 18 वर्षीय बेटी यशी शुक्रवार सुबह बाथरूम गई थी। बाथरूम से बाहर निकलकर जैसे ही वह आंगन में पहुंची, उसी समय तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई और यशी गड्ढे में चली गई। ऊपर से मिट्टी गिरने के कारण वह उसी में दब गई।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। लगातार बारिश और मिट्टी धंसने के खतरे के चलते कोई भी गड्ढे में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम भी वहां पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बैकहो लोडर की मदद से गड्ढे के आसपास से मिट्टी हटाने का काम कराया जा रहा है। यशी चार बहनों और एक भाई में है। इस घटना के बाद परिवार में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं।
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि बारिश के कारण मिट्टी धंसने से यह हादसा हुआ। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है, ताकि युवती को सकुशल बाहर निकाला जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.