25 करोड़ की बेनामी संपत्ति का खुलासा, सिंचाई विभाग का इंजीनियर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- तेलंगाना में ACB ने सिंचाई विभाग के इंजीनियर आर. सत्यनारायण को गिरफ्तार किया।
- इंजीनियर पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
- ACB ने गुरुवार को एक साथ 10 ठिकानों पर छापेमारी की।
हैदराबाद। तेलंगाना में एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सिंचाई विभाग के एक इंजीनियर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने छापेमारी के बाद इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है।
इंजीनियर पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। छापेमारी के दौरान करीब 25 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा हुआ है। कथित तौर पर अवैध कमाई से जुटाई गई संपत्ति में आलीशान विला, कृषि भूमि, कई प्लॉट, सोना और अन्य निवेश शामिल हैं।
एसीबी ने दर्ज किया मामला
एसीबी की सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत नगरकुर्नूल जिले के सिंचाई एवं कमांड एरिया डेवलपमेंट विभाग में डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर तैनात आर. सत्यनारायण (44) के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। गुरुवार को एसीबी की टीमों ने एक साथ 10 ठिकानों पर छापेमारी की।
इन ठिकानों पर हुई छापेमारी
एसीबी की कार्रवाई में करमनघाट स्थित सत्यनारायण का घर, नगरकुर्नूल में उनका कार्यालय और हैदराबाद, वानपर्थी तथा नगरकुर्नूल में उनके रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों से जुड़े ठिकाने शामिल रहे। इसके अलावा कथित बेनामी संपत्तियों की भी तलाशी ली गई।
छापेमारी शुरू होने के समय सत्यनारायण वानपर्थी जिले के घनपुर मंडल स्थित अपने पैतृक गांव शापुर में मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान बाद में एसीबी की टीम उन्हें करमनघाट स्थित उनके आवास पर लेकर आई।
जांच में सामने आईं कई संपत्तियां
जांच के दौरान एसीबी को कई संपत्तियों का पता चला। इनमें वानपर्थी जिले में 25 एकड़ कृषि भूमि और उसी जमीन पर बना जी+1 फार्महाउस शामिल है। इसके अलावा टुकगुडा में करीब सात करोड़ रुपये कीमत का 5,200 वर्ग फुट का विला, करमनघाट की एक गेटेड कम्युनिटी में तीन बेडरूम का फ्लैट, नागोल में दो बेडरूम का फ्लैट और नगरकुर्नूल में नौ प्लॉट मिले हैं।
50 तोला सोना और कई फंड में निवेश
एसीबी की जांच में 50 तोला सोना भी मिला है। इसके साथ ही चिट फंड और म्यूचुअल फंड में निवेश किए गए 25 लाख रुपये का भी पता चला है।
वाहनों में तीन चार-पहिया गाड़ियां, एक दो-पहिया वाहन और एक ट्रैक्टर शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.