Ola Cabs पर CCPA का बड़ा एक्शन, ग्राहकों से टिप मांगने पर 10 लाख रुपये का जुर्माना

HIGHLIGHTS
- शिकायत में आरोप लगाया गया था कि Ola ऐप ग्राहकों को पहले से टिप देने के लिए प्रेरित करता है।
- ऐप पर संदेश दिखाया जाता था कि टिप देने से जल्दी राइड मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
- प्राधिकरण ने कंपनी को टिप और अतिरिक्त भुगतान के लिए प्रेरित करने वाले मैसेज हटाने का निर्देश दिया।
नई दिल्ली। ग्राहकों को कथित तौर पर गुमराह करने और जल्द राइड मिलने की उम्मीद में अतिरिक्त किराया देने के लिए प्रेरित करने के मामले में सरकार ने कंपनी पर जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) की ओर से की गई है।
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में एएनआई टेक्नोलॉजीज पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड देश की प्रमुख राइडशेयरिंग कंपनी ओला कैब्स की मूल कंपनी है।
कंपनी को हटाने होंगे ऐसे संदेश
कंपनी पर ग्राहकों को गुमराह करने का आरोप है। बताया गया है कि ऐप के जरिए ग्राहकों को जल्दी राइड मिलने की संभावना के नाम पर अतिरिक्त रकम देने के लिए प्रेरित किया जाता था। इस मामले में प्राधिकरण ने कंपनी को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
अब क्या बदलाव करने होंगे?
प्राधिकरण ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह तत्काल ऐसे सभी प्रॉम्प्ट, मैसेज, इंटरफेस डिजाइन, पहले से तय रकम और किसी भी तरह के 'डार्क पैटर्न' को हटाए। इनमें वे सभी संदेश शामिल हैं, जो ग्राहकों को बुकिंग के समय दिखाए गए किराए के अलावा कोई अतिरिक्त भुगतान करने के लिए प्रेरित या मजबूर करते हैं।
यह अतिरिक्त रकम टिप, ऐड-ऑन, अतिरिक्त किराये या किसी अन्य नाम से मांगी जाती हो, तो उससे जुड़े संदेशों को भी हटाना होगा। इसके अलावा कंपनी को ऐसे मैसेज भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके जरिए ग्राहकों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया जाता है।
शिकायत मिलने के बाद हुई कार्रवाई
प्राधिकरण ने मई 2025 में मिली एक शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ओला का ऐप ग्राहकों को पहले से टिप देने के लिए प्रोत्साहित करता है। ऐप पर एक संदेश दिखाई देता था, जिसमें लिखा था, "टिप देने से राइड जल्दी मिलने की संभावना बढ़ सकती है।"
वहीं, ओला ने अपने बचाव में कहा था कि वह ग्राहकों को केवल अपनी इच्छा से ड्राइवर को टिप देने का विकल्प उपलब्ध करा रही थी। कंपनी के मुताबिक, टिप की पूरी रकम ड्राइवर को ही मिलती थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.