जन्मदिन पर तलवार से काटा केक, फिर कार की छत पर खड़े होकर बनाई रील; दो सगे भाई गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- बाग में कार की बोनट पर तलवार से केक काटा गया
- इसके बाद सड़क पर वाहनों से स्टंटबाजी की गई
- कई दोपहिया वाहनों से भी खतरनाक स्टंट किए गए
प्रतापगढ़। इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने और लाइक-कमेंट हासिल करने के चक्कर में खतरनाक स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। हथिगवां थाना क्षेत्र के पुरनेमऊ-बेंती मार्ग पर सड़क घेरकर स्टंटबाजी करने और कार की छत पर खड़े होकर रील बनाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद सड़क पर इस तरह खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
बाग में एकत्र होकर तलवार से काटा केक
27 अगस्त 2026 को महेवा मोहनपुर निवासी आकाश पासी पुत्र दिनेश पासी के जन्मदिन पर उसके भाई विकास पासी पुत्र दिनेश पासी समेत अन्य साथी पहले एक बाग में एकत्र हुए। यहां कार की बोनट पर तलवार से केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद सभी पुरनेमऊ-बेंती मार्ग पर पहुंचे। आरोप है कि वहां वाहनों से सड़क घेरकर स्टंटबाजी की गई।
कार और दोपहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट किया
इस दौरान कार समेत कई दोपहिया वाहनों से खतरनाक तरीके से वाहन चलाए गए। सड़क पर वाहनों की मौजूदगी और स्टंटबाजी के कारण राहगीरों के आवागमन पर भी असर पड़ा। इसी दौरान आकाश और विकास कार की छत पर खड़े होकर रील बनाते नजर आए।
वीडियो प्रसारित होने पर हरकत में आई पुलिस
स्टंटबाजी और रील का वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने दोनों युवकों के साथ कार के अज्ञात चालक और कई अज्ञात दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
दो सगे भाई गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह की टीम ने महेवा मोहनपुर, थाना हथिगवां निवासी आकाश पासी और विकास पासी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रील और लाइक-कमेंट के लिए सड़क पर स्टंटबाजी करने या यातायात बाधित करने से बचें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.