अखिलेश यादव को केशव मौर्य की सलाह, अयोध्या के बजाय मथुरा जाइए, कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की अगुवाई करिए

HIGHLIGHTS
- केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना।
- मौर्य ने अखिलेश को अयोध्या के बजाय मथुरा जाने की सलाह दी।
- श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भव्य मंदिर निर्माण की अगुवाई करने को कहा।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या जाने के बजाय मथुरा जाना चाहिए और श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर बनी ईदगाह को हटाकर भव्य श्रीकृष्ण मंदिर के निर्माण की अगुवाई करनी चाहिए। केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख मुस्लिम वोटों के चलते मथुरा जाने से बच रहे हैं और अयोध्या में राजनीति कर रहे हैं।
'पहले मंदिर नहीं जाते थे, कथा नहीं सुनते थे'
डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव पहले मंदिर नहीं जाते थे, लेकिन अब वहां जाने लगे हैं। इसी तरह पहले वे कथा नहीं सुनते थे, जबकि अब कथा सुनने लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को भी कथा का आयोजन कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कथा को राजनीतिक मंच बताना दृष्टिदोष है। इसके लिए आंखों और दिमाग की जांच करानी चाहिए तथा आंखों में जमा कचरा साफ करवाना चाहिए। मौर्य ने सपा पर तुष्टीकरण, जातिवाद, परिवारवाद, गुंडागर्दी और अपराध को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।
आजम खां को जमानत मिलने पर भी साधा निशाना
सपा नेता आजम खां को जमानत मिलने के बाद पार्टी के रुख पर भी उपमुख्यमंत्री ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत माता को डायन और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भूमाफिया कहने वाले मोहम्मद आजम खां को जमानत मिलने पर सपा के लोग दिवाली मनाएंगे।
'अयोध्या मत जाइए, रामभक्त गुस्से में हैं'
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कथा में उमड़ी भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि यह केवल कथा नहीं, बल्कि श्रीराम महाकुंभ है। अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अयोध्या नहीं जाना चाहिए, क्योंकि रामभक्त नाराज हैं। उन्हें मथुरा जाकर ईदगाह की जगह भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनाने की अगुवाई करनी चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि यह कथा नहीं, बल्कि श्रीराम महाकुंभ है। कथा के भव्य आयोजन के लिए उन्होंने राजा भइया को बधाई भी दी।
'आज हिंदू पाकिस्तान छोड़कर भारत आ रहे हैं'
डिप्टी सीएम ने कहा कि सनातन को मजबूती देने के लिए इस तरह के आयोजनों की जरूरत है। आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है और इस पर सभी को गर्व होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पाकिस्तान को अलग देश बनवा दिया, लेकिन वहां रहने वाले हिंदुओं की कभी चिंता नहीं की। आज जो लोग पाकिस्तान छोड़कर भारत आ रहे हैं, उनका स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू, सिख और बौद्ध समुदाय के लोगों का भारत में स्वागत है।
'यह विपक्ष का नेत्र दोष'
मौर्य ने कहा कि यदि मुस्लिम घुसपैठिए देश में आएंगे तो उन्हें बाहर किया जाएगा या पकड़कर जेल में बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी कथा का आयोजन कराया है और इसमें किसी तरह की रोक नहीं है। सभी लोगों को भारतीय संस्कृति से जुड़ना चाहिए।
कथाओं को राजनीतिक मंच बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने इसे विपक्ष का नेत्र दोष बताया। उन्होंने कहा कि आंखों और दिमाग की जांच करानी चाहिए तथा दिमाग में भरा कचरा बाहर निकालना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.