हिमाचल में लॉटरी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, जयराम ठाकुर बोले- लाखों लोग बर्बाद होंगे

HIGHLIGHTS
- भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में लॉटरी व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया।
- प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किया।
- भाजपा विधायकों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी की।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के समापन से एक दिन पहले बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक दल ने परिसर में प्रदेश सरकार की लॉटरी व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान विपक्ष ने ‘लॉटरी-जुआ बंद करने और रोजगार का प्रबंध करने’ के नारे लगाए। विधायकों ने ‘लॉटरी जुआ बंद करो, रोजगार का प्रबंध करो’ जैसे नारे भी लगाए।
लॉटरी से एक आदमी का भाग्य खुलेगा लेकिन लाखों लोगों का डूब जाएगा: जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि लॉटरी शुरू करने का फैसला प्रदेश के हित में नहीं है और भाजपा इसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि अगर लॉटरी की लत लग जाए तो यह भी नशे से कम नहीं है। प्रदेश में लॉटरी को इसलिए बंद किया गया था क्योंकि कई लोगों की जमीन बिक गई थी, कई के घर चले गए थे और कई लोग आत्महत्या करने के लिए मजबूर हुए थे। लॉटरी के लालच में लोगों का सारा पैसा चला गया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने लॉटरी को फिर से शुरू किया है। उनके अनुसार, यह कदम नई पीढ़ी को बर्बाद करने की दिशा में साबित होगा। इससे प्रदेश की आर्थिकी मजबूत नहीं होगी, बल्कि लॉटरी की आदत के चलते प्रदेश के लोग अपने घर-परिवार तबाह कर सकते हैं। उनका कहना है कि एक बार आदत पड़ जाने के बाद उससे बाहर निकलना बहुत मुश्किल होता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 1999 के बाद बड़ी मुश्किल से प्रदेश के लोग लॉटरी की उस आदत से बाहर निकले। प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए और भी कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि लॉटरी से एक आदमी का भाग्य खुलेगा, लेकिन लाखों लोगों का डूब जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.