हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में ABVP-SFI कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, कई छात्र घायल

HIGHLIGHTS
- घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
- सामने आए वीडियो में गाली-गलौज और झड़प के दृश्य दिखाई दिए।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच बचाव किया।
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला परिसर में शनिवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। यहां छात्र संगठन एबीवीपी और एसएफआई के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। सुबह करीब पौने नौ बजे दोनों संगठनों के कार्यकर्ता अचानक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एसएफआई के करीब 20 और एबीवीपी के करीब 15 कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प में कई छात्रों को चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच बचाव किया। विश्वविद्यालय परिसर में इसके बाद भी तनाव का माहौल बना रहा। दोनों संगठनों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
छात्राएं भी झड़प में शामिल
घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में छात्र गाली-गलौज करते हुए आपस में झड़प करते दिखाई दे रहे हैं। इस संघर्ष में कुछ छात्राएं भी शामिल थीं। मारपीट के दौरान कुछ कार्यकर्ता बचाव करते हुए भी नजर आए। देखते ही देखते छात्रों का विवाद उग्र हो गया और मारपीट शुरू हो गई।
नारेबाजी और बैनर लगाने को लेकर विवाद
बताया जा रहा है कि छात्र संगठनों के बीच नारे लगाने या बैनर लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बाद में यह विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान कई छात्र चोटिल हुए हैं। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.