बुलडोजर वाले स्वागत से दूरी, सिवाया टोल पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन बिना रुके आगे बढ़े

HIGHLIGHTS
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन सहारनपुर के लिए रवाना हुए
- मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह किया स्वागत
- सिवाया टोल प्लाजा पर स्वागत की तैयारी में बुलडोजर खड़े किए गए थे
- बुलडोजर देखने के बाद भाजपा अध्यक्ष बिना रुके आगे निकल गए
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद करने के बाद सहारनपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में अलग-अलग जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर भी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारी की गई थी। यहां बुलडोजर खड़े किए गए थे। बुलडोजर देखकर भाजपा अध्यक्ष बिना रुके आगे निकल गए। इसके बाद सहारनपुर तक हुए किसी भी स्वागत कार्यक्रम में बुलडोजर नजर नहीं आया।
इससे एक दिन पहले सोमवार को मेरठ पहुंचने पर नितिन नवीन का काशी टोल प्लाजा पर कई बुलडोजरों के साथ जोरदार स्वागत किया गया था। इस स्वागत कार्यक्रम में मुस्लिम कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे। काशी टोल प्लाजा से सुभारती यूनिवर्सिटी तक चार स्थानों पर स्वागत के लिए स्टेज बनाए गए थे। इनमें से ज्यादातर जगहों पर बुलडोजर खड़े किए गए थे और उन पर फूलों की मालाएं डाली गई थीं।
सेंट्रल मार्केट प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बुलडोजर से किए गए स्वागत को लेकर प्रभावित लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई थी। प्रभावितों ने सवाल उठाया था कि इस तरह स्वागत करके क्या उन्हें यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि एक दिन उनके मकानों और दुकानों पर भी बुलडोजर चल सकता है।
मंगलवार को प्रबुद्ध वर्ग के साथ हुए संवाद में भी सेंट्रल मार्केट प्रकरण का मुद्दा उठाया गया। माना जा रहा है कि आम लोगों की नाराजगी को देखते हुए ही नितिन नवीन सिवाया टोल प्लाजा पर बुलडोजर देखकर बिना रुके आगे बढ़ गए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बुलडोजर से स्वागत किए जाने को लेकर पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी भी जताई। उन्होंने नसीहत दी कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरकर काम करना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.