मेरठ में पहली बार सूर्यकिरण टीम का एयर शो, आसमान में दिखे हैरतअंगेज करतब

HIGHLIGHTS
- एयर शो में लूप, हार्ट और बैरल रोल जैसे मैनूवर दिखाए गए।
- स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने टीम की खासियत साझा की।
- प्रदर्शन के दौरान विमानों के बीच करीब पांच मीटर की दूरी रहेगी।
मेरठ। शनिवार को मेरठ के आसमान में पहली बार भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने रोमांच और शौर्य का प्रदर्शन किया। मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप परिसर में करीब 35 मिनट तक चले एयर शो में जांबाज पायलटों ने एक से बढ़कर एक हवाई करतब दिखाए। लूप और बैरल रोल सहित विभिन्न मैनूवर देखकर दर्शक हैरान रह गए। तालियों की गूंज से पूरा कार्यक्रम स्थल भर गया।
तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। दर्शक सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे और एयर शो शुरू होने का इंतजार करते रहे। आसमान में विमानों के करतब देखकर मेरठ के लोग खुशी से झूम उठे। दर्शकों ने इस आयोजन को मेरठ के लिए गौरवशाली क्षण बताया। जिलाधिकारी ने भी इसे ऐतिहासिक पल बताया।
पहली बार मेरठ में सूर्यकिरण का एयर शो
भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम का दो दिवसीय एयर शो शनिवार से शुरू हुआ। सुबह करीब 10 बजे पायलटों ने आसमान में उड़ान भरकर विभिन्न हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। मेरठ में सूर्यकिरण टीम का यह पहला एयर शो है।
शो की डिस्प्ले साइट पर स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने अमर उजाला के साथ टीम की विशेषताओं और पायलटों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि मेरठवासियों से टीम को भरपूर प्यार मिला है। स्कूली बच्चों में भी एयर शो को लेकर काफी उत्साह नजर आया। उन्होंने मेरठ में सूर्यकिरण का प्रदर्शन करना अपने लिए बेहद गर्व की बात बताया।
पांच मीटर की दूरी पर उड़ेंगे विमान
स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने बताया कि सूर्यकिरण एशिया की इकलौती नौ एयरक्राफ्ट एयरोबेटिक टीम है। उनके अनुसार, कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी की कमान में विमान एक-दूसरे से करीब पांच मीटर की दूरी पर उड़ान भरेंगे। इस दौरान वायुसेना के प्रोफेशनलिज्म और एक्यूरेसी का प्रदर्शन किया जाएगा।
नौ हॉक विमान दिखाएंगे रोमांचक करतब
रविवार सुबह भी नौ हॉक एमके-132 विमान आसमान में उड़ान भरेंगे। करीब 35 मिनट के एयर शो में ये नौ विमान बेहद कम अंतर पर एक साथ अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए प्रदर्शन करेंगे।
दर्शकों को लूप, हार्ट, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैनूवर जैसे हवाई करतब देखने को मिलेंगे। विमानों से निकलने वाले केसरिया, सफेद और हरे रंग के धुएं की लकीरें आसमान में तिरंगे की छटा बिखेरेंगी।
मेरठ के तीन पायलट भी टीम का हिस्सा
सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम में मेरठ के रहने वाले स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल भी शामिल हैं। एयर शो के दौरान मेरठ के ये तीनों पायलट भी आसमान में हवाई करतब दिखाएंगे।
20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन पर रोक
एयर शो को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने बताया कि एयर शो स्थल के 20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बिना पास के किसी भी व्यक्ति को शो स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
19 और 20 सितंबर को भारी वाहनों का रूट डायवर्जन
मोहिउद्दीनपुर न्यू टाउनशिप में होने वाले एयर शो को देखते हुए यातायात पुलिस ने 19 और 20 सितंबर के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। दोनों दिन सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव के अनुसार, हरिद्वार और मुजफ्फरनगर की ओर से एनएच-58 के रास्ते आने वाले भारी वाहनों को इंटरचेंज के ऊपर से काशी टोल प्लाजा होते हुए मोदीनगर-गाजियाबाद की ओर भेजा जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.