काजीरंगा के पास मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 15 से अधिक लोगों की गई जान

HIGHLIGHTS
- असम में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ।
- राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हुई।
- हादसा कोहोरा रेंज के रंगाजन इलाके में हाथीकुली टी एस्टेट के पास हुआ।
असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के नजदीक शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 15 से अधिक लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी दी है।
कहां और कैसे हुआ हादसा?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना कोहोरा रेंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुई। हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननिल डेका ने पीटीआई को बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में कम से कम 15 लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा, "हमें शुरुआती जानकारी मिली है कि हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है। हम सभी मौके पर मौजूद हैं। बस से शवों को बाहर निकाला जा रहा है। इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।"
उन्होंने बताया कि बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
राहत और बचाव के लिए मौके पर कौन पहुंचा?
असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वह इसी क्षेत्र के विधायक भी हैं। उन्होंने मौके पर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की।
हादसे में घायल लोगों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अधिकांश लोगों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की वजह क्या है?
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मिनी बस काफी तेज रफ्तार में थी और पार्क के पास निर्धारित गति सीमा से जुड़े प्रतिबंधों का पालन नहीं कर रही थी। अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि मिनी बस के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस की कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.