इंडिगो विमान के टॉयलेट में मिला धमकी भरा संदेश, चेन्नई एयरपोर्ट पर कराई गई प्राथमिकता से लैंडिंग

HIGHLIGHTS
- हैदराबाद से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम की दहशत फैल गई।
- विमान के टॉयलेट में 'बूम 1.50 PM' लिखा टिश्यू पेपर मिला।
- क्रू सदस्य ने संदिग्ध संदेश देखकर तुरंत पायलट को जानकारी दी।
चेन्नई। हैदराबाद से चेन्नई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय बम की आशंका से हड़कंप मच गया, जब विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर मिला। उस पर 'बूम 1.50 PM' लिखा हुआ था। शुक्रवार को उड़ान के दौरान यह संदेश मिलने से यात्रियों और क्रू के बीच दहशत फैल गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) से संपर्क किया। इसके बाद 192 यात्रियों को लेकर चेन्नई पहुंच रहे विमान को दोपहर करीब एक बजे प्राथमिकता के आधार पर एयरपोर्ट पर उतारा गया।
विमान की लैंडिंग के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसकी बारीकी से जांच की। तलाशी पूरी होने पर सामने आया कि बम की धमकी महज अफवाह थी।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर के आसपास यह फ्लाइट हैदराबाद से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान क्रू के एक सदस्य ने विमान के टॉयलेट में लगे शीशे पर चिपका टिश्यू पेपर देखा। उस पर 'बूम 1.50 PM' लिखा था। क्रू सदस्य ने बिना देरी किए इसकी जानकारी पायलट को दी।
इसके बाद पायलट ने चेन्नई एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से संपर्क कर बम की धमकी के बारे में बताया और विमान की प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग कराने का अनुरोध किया।
चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान को एक अलग स्थान यानी रिमोट बे में ले जाया गया। यहां स्निफर डॉग्स के साथ सुरक्षाकर्मी विमान के भीतर पहुंचे। यात्रियों और उनके सामान की अच्छी तरह तलाशी ली गई। इसके अलावा पूरे विमान की भी जांच की गई।
करीब एक घंटे तक चली तलाशी और पूछताछ के बाद सुरक्षाकर्मियों ने बम की धमकी को अफवाह करार दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.