PoK में बड़ा सड़क हादसा, नदी में गिरी यात्री वैन; 11 लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित-बाल्टिस्तान में बड़ा सड़क हादसा हुआ।
- गिलगित से यासीन घाटी जा रही यात्री वैन यासीन नदी में गिर गई।
- मोर्काह पुल के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया था।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में एक यात्री वैन नदी में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि दुर्घटना गुरुवार शाम को हुई। वैन गिलगित से घिजर जिले की यासीन घाटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोर्काह पुल के नजदीक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वैन यासीन नदी में जा गिरी।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
हादसे की सूचना मिलने के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और 10 यात्रियों के शव बरामद किए। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। इसके साथ ही तीन घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया, जिनमें एक बच्चा भी था। सभी घायलों को उपचार के लिए गुपिस सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, बाद में घायल बच्चे ने भी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई।
मृतक और घायल सभी लोग पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) की यासीन घाटी के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
हादसे वाले इलाके में अक्सर होते हैं सड़क हादसे
इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह गिलगित से इस्लामाबाद जा रही एक यात्री बस हजारा मोटरवे पर हवेलीयन इंटरचेंज के पास डंपर ट्रक से टकरा गई थी। उस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि 30 अन्य घायल हो गए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.