एअर इंडिया की ट्रैवल एडवाइजरी जारी, रियाद-दम्मम की उड़ानें 30 नवंबर तक सस्पेंड

HIGHLIGHTS
- एअर इंडिया ने रियाद और दम्मम की उड़ानें 30 नवंबर तक निलंबित कीं।
- जेद्दा आने-जाने वाली सेवाएं 21 नवंबर तक रद्द रहेंगी।
- इंडिगो ने जेद्दा और मदीना की उड़ानों पर रोक 21 नवंबर तक बढ़ाई।
नई दिल्ली। एअर इंडिया ने शुक्रवार को ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए रियाद और दम्मम से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों को 30 नवंबर तक निलंबित करने का फैसला लिया है। वहीं, जेद्दा के लिए संचालित सेवाएं 21 नवंबर तक रद्द रहेंगी।
क्षेत्र में लगातार उड़ान सेवाएं प्रभावित होने के बीच एअर इंडिया ने यह कदम उठाया है। इससे पहले इंडिगो ने 10 नवंबर को जेद्दा और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन बढ़ाकर 21 नवंबर तक कर दिया था।
इसके अलावा अकासा एयर ने भी गुरुवार को ऐलान किया था कि रियाद और जेद्दा से आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें 30 नवंबर तक निलंबित रहेंगी।
यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने उन यात्रियों के लिए दो विकल्प उपलब्ध कराए हैं, जिनकी बुकिंग 10 नवंबर या उससे पहले कंफर्म हो चुकी थी और जिनकी यात्रा निलंबन की अवधि के दौरान निर्धारित थी।
यात्री सीटों की उपलब्धता के अनुसार बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं। इसके अलावा उनके पास टिकट रद्द कराकर पूरा रिफंड लेने का विकल्प भी मौजूद है।
हूती और सऊदी अरब के बीच तनाव बरकरार
यमन के हूती मिलिशिया ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने सऊदी अरब के कई ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। इनमें रियाद स्थित अरामको की सुविधाएं, शरूराह हवाई अड्डे पर मौजूद एक सैन्य कार्गो विमान और खमीस मुशैत एयर बेस शामिल हैं।
दूसरी ओर, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन बलों ने जानकारी दी कि उन्होंने पूर्वी क्षेत्र और रियाद के आसमान में ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.