‘मुस्कुरा रहे और बातचीत कर रहे हैं कैप्टन मछार’, फ्लाईदुबई घटना के बाद भारतीय राजदूत ने की मुलाकात

HIGHLIGHTS
- गुरुवार को भारतीय राजदूत दीपक मित्तल ने कैप्टन मछार से मुलाकात की।
- राजदूत ने अबू धाबी के अस्पताल पहुंचकर उनके परिवार से भी बातचीत की।
- गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मछार अब खतरे से बाहर बताए गए हैं।
अबू धाबी। फ्लाईदुबई विमान में ओमानी को-पायलट के कथित जानलेवा हमले में घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की हालत में अब तेजी से सुधार हो रहा है। गुरुवार को यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अबू धाबी के अस्पताल पहुंचकर कैप्टन मछार और उनके परिवार से मुलाकात की।
राजदूत ने बताया कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मछार अब खतरे से बाहर हैं। वह मुस्कुरा रहे हैं और बातचीत भी कर रहे हैं।
भारतीय दूतावास ने दिया हेल्थ अपडेट
मुलाकात के बाद यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कैप्टन मछार की सेहत को लेकर जानकारी साझा की। दूतावास ने बताया कि राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल में कैप्टन स्मित मछार और उनके परिजनों से मुलाकात की।
दूतावास के अनुसार, कैप्टन मछार की सेहत अब अच्छी है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। उनकी बेहतर मेडिकल देखभाल सुनिश्चित करने के लिए दूतावास स्थानीय यूएई अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।
दुबई स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी राहत जताई। कॉन्सुलेट जनरल के मुताबिक, राजदूत से मुलाकात के दौरान कैप्टन मछार खुलकर बातचीत कर रहे थे और हंस-मुस्कुरा रहे थे। इसे उनके परिवार और पूरे देश के लिए बड़ी राहत की बात बताया गया।
सऊदी अरब से अबू धाबी एयरलिफ्ट किए गए
गौरतलब है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में ओमान के को-पायलट ने विमान को क्रैश कराने की नीयत से कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से कई बार हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मछार ने हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट का आपातकालीन दरवाजा खोल दिया।
इसके बाद विमान में मौजूद तीन इजराइली यात्रियों और केबिन क्रू ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को पकड़ लिया। वहीं, फ्लाइट में यात्रा कर रहे दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
सऊदी अरब में शुरुआती इलाज के बाद गुरुवार को कैप्टन मछार को एयरलिफ्ट कर अबू धाबी लाया गया। फिलहाल आरोपी ओमानी को-पायलट से पूछताछ की जा रही है। उसके असली मकसद का पता लगाने के लिए सऊदी अरब और यूएई की जांच एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.