सीबीएसई ने 2026 बोर्ड परीक्षाओं की संभावित डेटशीट जारी की

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए अस्थायी कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रस्तावित अनुसूची के अनुसार परीक्षाएं 17 फरवरी से 15 जुलाई 2026 के बीच आयोजित होंगी। इस दौरान मुख्य परीक्षाओं के साथ-साथ खेल कोटे के छात्रों की परीक्षाएं, कक्षा 10 की दूसरी बोर्ड परीक्षाएं और कक्षा 12 की पूरक परीक्षाएं भी कराई जाएंगी।
कक्षा 10वीं की परीक्षाएं दो चरणों में
कक्षा 10वीं के लिए पहला चरण 17 फरवरी से 6 मार्च तक और दूसरा चरण 15 मई से 1 जून तक होगा। वहीं, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक निर्धारित की गई हैं।
204 विषयों में होंगे परीक्षा आयोजन
सीबीएसई ने जानकारी दी कि इन परीक्षाओं में देशभर और विदेशों के 26 देशों के लगभग 45 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। कुल 204 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। लिखित परीक्षाओं के साथ ही प्रैक्टिकल और मूल्यांकन की प्रक्रिया भी समयबद्ध ढंग से चलेगी, ताकि परिणाम समय पर घोषित हो सकें।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन समय से
निर्देशों के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन संबंधित विषय की परीक्षा के लगभग दस दिन बाद शुरू किया जाएगा और इसे 12 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। उदाहरणस्वरूप, यदि कक्षा 12वीं की भौतिकी परीक्षा 20 फरवरी को होती है, तो मूल्यांकन 3 से 15 मार्च के बीच पूरा कर लिया जाएगा।
सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल जारी की गई डेटशीट प्रारंभिक है। स्कूलों से छात्रों की अंतिम सूची मिलने के बाद ही परीक्षाओं की अंतिम डेटशीट जारी की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.